इंदौर । गुमास्ता नगर स्थित श्री वैष्णव कन्या विद्यालय पर अपनी 30 वर्ष पुरानी परंपरा के अनुरूप इस वर्ष भी शुक्रवार 7 नवंबर को सुबह 9.30 बजे से अंतरविद्यालयीन चित्रकला, संगीत एवं निबंध प्रतियोगिता का आयोजन साहित्यकार एवं उच्च शिक्षा विभाग म.प्र. शासन के सेवानिवृत्त प्राध्यापक डॉ. पुरुषोत्तम दुबे की अध्यक्षता में किया जा रहा है। विजेताओं को ट्रॉफी के द्वारा स्व. श्रीमती केसरबाई आगार और स्व. मोहनलाल आगार की स्मृति में कैलाशचन्द्र आगार जनकल्याण फाउंडेशन की ओर से सम्मानित किया जाएगा।
विद्यालय की प्रबंध समिति के अध्यक्ष राजकुमार भाटिया, मंत्री अमित पसारी एवं प्राचार्य ममता शुक्ला ने बताया कि कक्षा छठी से आठवीं के बच्चों के लिए “कौशल विकास – विद्यार्थियों के भविष्य की कुंजी”, कक्षा नौवीं एवं दसवीं के लिए “स्वस्थ विचार और स्वस्थ जीवन में एक अटूट सम्बन्ध है” तथा ग्यारहवीं एवं बारहवीं के बच्चों के लिए “विश्व मंच पर भारत की भूमिका” विषय पर तीन सौ से चार सौ शब्दों में निबंध लेखन प्रतियोगिता , 7 नवंबर को सुबह 9.30 से 11 बजे तक वैष्णव कन्या विद्यालय पर रखी गई है।
इसी तरह चित्रकला में कक्षा तीसरी से पांचवीं के लिए “मेरे सपनों का उद्यान,” छठी से आठवीं के लिए “प्रक्रति एवं वन्यप्राणी”, नौवीं और दसवीं के लिए “शांति की ताकत” तथा ग्यारहवीं एवं बारहवीं के बच्चों के लिए “मेरे लिए आजादी के मायने” जैसे विषयों को शामिल किया गया है। यह स्पर्धा भी शुक्रवार को ही सुबह 9.30 से 11 बजे तक होगी। कक्षा छठी से बारहवीं के लिए संगीत में आर्केस्ट्रा वादन की स्पर्धा भी होगी, जो सुबह 9.30 बजे से प्रारंभ होगी।
