विकास की ओर अग्रसर — मंत्री श्री सिलावट
जल संसाधन मंत्री श्री सिलावट के प्रयासों से सांवेर विधानसभा को मिली विकास की कई सौगातें



इंदौर,
जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में और मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव के मार्गदर्शन में प्रदेश और देश तेजी से विकास की ओर अग्रसर होते हुये विकसित और आत्म निर्भर बन रहा है। केन्द्र और राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ नागरिकों को मिलने से उनके जीवन स्तर में महत्वपूर्ण बदलाव आया है। इन योजनाओं में प्रधानमंत्री आवास योजना,आयुष्मान भारत स्वास्थ्य योजना,किसान कल्याण निधि,लाड़ली बहना,प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना आदि शामिल हैं। श्री सिलावट ने कहा कि सांवेर विधानसभा में लगातार विकास कार्य तेजी से किये जा रहे हैं। साँवेर को एक आदर्श विधानसभा बनाया जायेगा। इन विकास कार्यों में 10 करोड़ रुपये की लागत से सिविल हास्पिटल का निर्माण, साढ़े 6 करोड़ रुपये की लागत से कनाड़िया तहसील का निर्माण, तीन करोड़ रुपये की लागत से कनाड़िया तालाब का सौदर्यीकरण 5 करोड़ रुपये की लागत से कनाड़िया से गारी पिपल्या से सांगा तालाब तक सड़क मार्ग की स्वीकृति, 85 लाख रुपये की लागत से कनाड़िया में आहिल्या बाबड़ी का सौदर्यीकरण आदि शामिल है। श्री सिलावट ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव के कुशल नेतृत्व में शनिवार को साँवेर विधानसभा को एक साथ कई सौगातें मिलने जा रही हैं। इससे सांवेर विधानसभा के नगरीय निकाय के वार्ड क्रमांक 18-19, 21, 35-36 और 76 की 50 से अधिक कॉलोनियों और लगभग 10 से अधिक ग्रामों के साढे़ तीन लाख रहवासियों को लाभ होगा। अमृत 2.0 योजनान्तर्गत 305 करोड रुपये की लागत से 80 एमएलडी सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट, पम्पिंग स्टेशन और 179 कि.मी. की सीवर लाईन डालने की स्वीकृति हुई है।
मंत्री श्री सिलावट शनिवार को कनाड़िया में 305 करोड़ रुपये की लागत से 80 एमएलडी सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट और पम्पिंग स्टेशन का भूमिपूजन कार्यक्रम समारोह में अपना मुख्य सम्बोधन दे रहे थे। कार्यक्रम में महापौर श्री पुष्यमित्र भार्गव विशेष रूप से उपस्थित थे। मंत्री श्री सिलावट ने आगे कहा कि इस योजना के तहत 179 किलोमीटर सीवर लाईन की 250 से 1800 एमएम व्यास की लाईन बिछाने का कार्य भी किया जाना है। प्रस्तावित कार्य के लिये वित्त पोषण भारत सरकार, राज्य सरकार व नगर निगम द्वारा किया जायेगा। उक्त कार्य 24 माह की समयावधि में किया जायेगा। मंत्री श्री सिलावट ने आगे कहा कि इस योजना के क्रियान्वयन होने के बाद वार्ड क्रमांक 76 में स्थित कनाड़िया रोड, कनड़िया गाँव, बैगम खेड़ी, सेवा कुंज अस्पताल, गोल्फ सिटी, बीआर फार्म, टीपीएस-9, टीपीएस-5, वार्ड क्रमांक 18 में बरदरी गाँव , रेवती गाँव, भोरासला गाँव, अरबिन्दो अस्पताल, रेवती,भोरासला के क्षेत्र के नागरिक लाभान्वित होंगे। साथ ही सांवेर विधानसभा के वार्ड क्रमांक-19 में स्थित नरवर गाँव और कांकड़, कुमेडी गाँव और कांकड़, प्रीमियम पार्क कॉलोनी, वार्ड-21 में ग्राम भांग्या और वार्ड-34 में लोहामंडी के नागरिकों को फायदा होगा। इसके अलावा वार्ड क्रमांक-35 स्थित लसूड़िया मोरी गाँव, तलावली चाँदा गाँव, निरंजनपुर नई बस्ती,मधुबन ढाबा, निरंजनपुर चौराहे से तालावली चाँदा तक देवासनाका मेन रोड़,शकर खेड़ी गाँव, भानगढ़ गाँव, पंचवटी कॉलोनी, आइरिस पार्क के रहवासी लाभान्वित होंगे। साथ ही वार्ड क्रमांक-36 में स्थित मायाखेड़ी गाँव, अरंडिया, ग्राम निपानिया, पिपल्या कुमार सहित एमआर-11, बालाजी इन्क्लेव, कैलोद हाला, ज्ञानशिला टाऊनशीप,धनखेड़ी आदि क्षेत्रों के नागरिक लाभान्वित होंगे। इस प्रकार साँवेर विधानसभा के लगभग साढ़े तीन लाख रहवासियों को जलमल निकासी संबंधित आवश्यक सुविधाओं का लाभ होगा व कान्ह नदी में विभिन्न नालों के शुद्धिकरण में सहयोग मिलेगा। मंत्री श्री सिलावट ने आगे कहा कि नर्मदा नदी का जल आज साँवेर विधानसभा के 55 गाँवों में पहुँच चुका है और शेष बचे गाँवों में पहुँचाने के लिये लगातार प्रयास किये जा रहे हैं। गंगा जल संवर्धन योजना से भी नागरिकों को लाभ मिला है। मंत्री श्री सिलावट ने कहा कि जल है तो कल है। साँवेर विधानसभा के हर रहवासियों तक जल पहुँचे और हर खेत सिंचित हो इसके लिये राज्य सरकार प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम के प्रारंभ में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ जल संसाधन मंत्री श्री सिलावट और महापौर श्री पुष्यमित्र भार्गव ने भूमि पूजन किया। मंत्री श्री सिलावट ने आगे कहा कि साँवेर विधानसभा में विकास के कार्य तीव्र गति से जारी हैं। इसी क्रम में वार्ड क्रमांक 76 में एक करोड़ 80 लाख रुपये की लागत से पंचायत भवन के सामने पालिया बाबा चौक से कलौता समाज धर्मशाला तक सीसी रोड़ का विकास कार्य, एक करोड़ 20 लाख रुपये की लागत से कलौता समाज धर्मशाला से जगदीश मंडलोई के घर तक सीसी रोड़, एक करोड़ रुपये की लागत से तिलक नगर में सीसी रोड़, 85 लाख रुपये की लागत से शिवमंदिर और बावड़ी से बायपास तक सीसी रोड़, 60 लाख रुपये की लागत से कलौता समाज पुलिया धर्मशाला से अम्बामोलिया तक स्टॉर्म वाटर लाईन पूर्ण, 25 लाख रुपये की लागत से कनाड़िया में घाट का निर्माण तथा इतनी ही राशि से कनड़िया में संजीवनी क्लिनिक का निर्माण किया गया है।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुये महापौर श्री पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि इंदौर क्लीन सिटी से ग्रीन सिटी की ओर, और अब ग्रीन सिटी से डिजिटल सिटी के बाद अब सोलर सिटी की ओर अपने कदम बढ़ा चुका है। सोलर सिस्टम लगने से इंदौर जिले को करोड़ों रुपये की बचत हो रही है। इंदौर को सोलर सिटी बनाने में पंचायत की भूमिका महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम में पार्षद श्री अभिषेक बबलू शर्मा, श्री सुरेश कुलवाड़े, श्री राकेश सोलंकी, श्री योगेश गेंदर, जनपद अध्यक्ष श्री कन्हा पटेल,श्री कमल पटेल सहित कनाड़िया के ग्रामीणजन उपस्थित थे।
