लसूड़िया थाना क्षेत्र में अंधेरे का फायदा उठाकर एक घर में घुसकर अज्ञात चोरों ने अलमारी से सोने-चांदी के जेवरात उड़ा दिए।वारदात रात में हुई और अगली सुबह सामान बिखरा मिलने पर मामला सामने आया। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की है। पुलिस के मुताबिक शिवानी ट्रांसपोर्ट के पास रहने वाले भगवती पंवार ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि २० नवंबर की शाम से २१ नवंबर की सुबह के बीच उनके घर में चोरी हुई। अज्ञात व्यक्ति ने रात्रि के अंधेरे में घर का ताला तोड़कर भीतर प्रवेश किया और कमरों का सामान उथल-पुथल कर दिया। शिकायत में बताया गया कि चोर सीधे अंदर के कमरे में पहुंचा और अलमारी में रखे सोने–चांदी के आभूषण निकालकर ले गया। परिवार को सुबह जब कमरे अस्त-व्यस्त मिले, तब घटना का पता
चला।इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी।पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
