सेंट्रल जेल में बंद एक विचाराधीन कैदी कल एमवाय अस्पताल के जेल वार्ड से चकमा देकर फरार हो गया। कैदी को कोलोनोस्कोपी जांच के लिए अस्पताल की चौथी मंजिल पर ले जाया गया था, जहाँ वह बाथरूम जाने का बहाना बनाकर हथकड़ी सहित सुरक्षाकर्मियों की अभिरक्षा से भाग निकला।इस घटना में लापरवाही बरतने के आरोप में जेल प्रहरी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। पुलिस ने फरार कैदी की तलाश में टीमें लगा दी हैं और अस्पताल व आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। संयोगितागंज पुलिस के मुताबिक, यह घटना कल दोपहर करीब ११.२५ बजे से ११.५० बजे के बीच एमवायएच में हुई। फरार विचाराधीन बंदी का नाम विशाल उर्फ अक्कू पिता खरगे प्रजापत (२९) निवासी कुलकर्णी नगर, परदेशीपुरा है। जेल अधीक्षक अलका सोनकर ने बताया कि कैदी विशाल को १९ नवंबर को उपचार के लिए एमवायएच के जेल वार्ड में भर्ती कराया गया था। कल उसे कोलोनोस्कोपी जांच के लिए जेल प्रहरी दीपक शर्मा चौथी मंजिल पर ले गया। अस्पताल में चल रहे कंस्ट्रक्शन कार्य का फायदा उठाते हुए, बंदी वॉशरूम जाने के बहाने बाथरूम के पीछे लगे लोहे के पाइपों के रास्ते हथकड़ी सहित जेल प्रहरी की अभिरक्षा से भाग गया।लापरवाही के चलते जेल प्रहरी दीपक शर्मा को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड करजांच के आदेश दिए गए हैं।
