इंदौर। तेजाजी नगर थाना क्षेत्र के मोरोद में पुरानी रंजिश और एक युवती से बातचीत को लेकर चल रहे विवाद में बदमाशों ने ग्रेजुएशन के एक छात्र पर जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने न केवल छात्र और उसके साथियों को लाठी-डंडों से पीटा, बल्कि जान से मारने की नीयत से उस पर बंदूक से फायर भी किया। इस घटना में छात्र सहित तीन लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने फरियादी राजीव पटेल (२०) निवासी मोरोद की शिकायत पर मुख्य आरोपी श्याम मस्करा, करण मस्करा, जितेंद्र पटेल, बबलू चंदेल
और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। फरियादी राजीव पटेल इशबा कॉलेज विजय नगर से ग्रेजुएशन कर रहा हैं। उसने पुलिस को बताया कि उसकी लोट्स गार्डन में रहने वाली एक युवती से लगभग छह माह से बातचीत थी, एक सप्ताह पहले युवती के भाई करण मस्करा ने उन्हें धमकी दी थी कि अगर वह दोबारा उसकी बहन से बात करेगा तो ठीक नहीं होगा। ३० नवंबर की रात करीब १० बजे, राजीव अपने दोस्त इशु सिकरवार की बारात से लौटते हुए दोस्त अरुण पटेल के साथ उसकी
मोटरसाइकिल से मोरोद आ रहा था। जैसे ही वे ग्राम मोरोद श्मशान घाट के पास पहुंचा, वहाँ रोड किनारे खड़ी एक काले रंग की स्कार्पियो और एक मारुति कार से कुछ लोग बाहर निकले और उनका रास्ता रोक लिया। राजीव ने सरकारी खंभे की रोशनी में
आरोपियों की पहचान श्याम मस्करा, करण मस्करा, जितेंद्र पटेल, बबलू चंदेल और अन्य के रूप में की। राजीव पटेल के विरोध करने पर आरोपियों ने उन्हें गालियाँ दीं और हाथ-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद करण जितेंद्र और बबलू ने अपनी गाड़ियों से डंडे निकालकर राजीव और अरुण को मारना शुरू कर दिया। इसी दौरान मुख्य आरोपी श्याम मस्करा ने अपनी बंदूक से राजीव पर जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया। राजीव तुरंत नीचे बैठ गया, जिससे गोली उसके पास से निकल
गई।शोर सुनकर राजीव का बुआ का लड़का आशीष और उसका दोस्त लोकेश मौके पर आ गए और बीचबचाव करने लगे। मारपीट में राजीव के दाहिने पैर और दोनों हाथों पर, आशीष के सिर, बाएँ पैर और दोनों कंधों पर, जबकि अरुण को पीठ में चोट आई
है।
