इंदौर
लसूडिय़ा थाना इलाके में गाड़ी खड़ी करने के मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। घर के बाहर वाहन पार्क कर रहे एक युवक पर उसके पड़ोसियों ने हमला कर दिया। हमले में युवक के सिर में गंभीर चोट आई, और जाते-जाते हमलावर उसे जान से मारने की धमकी भी दे गए। पुलिस के मुताबिक घटना इंद्रा नगर में बीती शाम करीब साढ़े छह बजे की है। पुलिस ने फरियादी दीपक भीलाला की रिपोर्ट पर आरोपी रोहन और जितेंद्र सहित उनके अन्य साथियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। फरियादी ने पुलिस को बताया कि वह अपने घर के बाहर अपनी गाड़ी पार्क कर रहा था, तभी पड़ोसी रोहन आया और गाली-गलौज शुरू कर दी। जब फरियादी ने विरोध किया, तो रोहन का साथी जितेंद्र मौके पर आ गया और उसने मुक्कों से हमला कर दिया। इसी दौरान, आरोपी रोहन ने हाथ में पहने कड़े से फरियादी पर वार किया, जिससे उनके सिर में चोट लगी और खून बहने लगा। हमलावर वहां से जाते-जाते धमकाकर गए कि अगर आगे गाड़ी यहां खड़ी की तो जान से खत्म कर देंगे।
