इंदौर
राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में एक हैरान कर देने वाली चोरी की वारदात सामने आई है। पार्सल डिलीवरी के लिए जा रहे एक डिलीवरी बॉय की मोटरसाइकिल, जब वह सडक़ किनारे लघुशंका के लिए रुका था, तब एक शातिर बदमाश चुराकर ले भागा। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। राजेंद्र नगर पुलिस के मुताबिक, फरियादी हेमेन्द्र पिता राधेश्याम यादव निवासी केशव नगर, बंगाली चौराहा की शिकायत पर अज्ञात बदमाश के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।फरियादी हेमेन्द्र ने पुलिस को बताया कि वह अपनी स्प्लेंडर बाइक एमपी-09 एनयू 2355 से पार्सल देने केसरबाग रोड जा रहा था। जैसे ही वह केसरबाग ब्रिज के पास पहुँचा, वह लघुशंका करने के लिए रुका। हेमेन्द्र ने अपनी बाइक साइड में खड़ी कर दी थी। बाइक के हैंडल पर उनका मोबाइल फोन भी लगा था, जिसका उपयोग वह साइड की लोकेशन गूगल मैप पर देखने के लिए कर रहे थे। जैसे ही वह लघुशंका करने लगे, तभी एक बदमाश आया और उनकी बाइक को स्टार्ट किया और एबी रोड की तरफ लेकर भाग गया। पुलिस ने अज्ञात आरोपी की तलाश के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगालना और तकनीकी जाँच शुरू कर दी है।
