इंदौर
गांधी नगर थाना क्षेत्र में एक 80 वर्षीय बुजुर्ग को उनके फार्म हाउस के गेट से जाने के लिए कहने पर कुछ युवकों ने डंडों से हमला कर दिया। युवकों ने बुजुर्ग की कमर और टाँगों पर वार किया, जिससे उन्हें चोट आई है। गांधी नगर पुलिस ने फरियादी खुशीराम पिता सामल सिंह यादव (80) निवासी बिंदास आईलेण्ड पैलेस, दिलीप नगर की शिकायत पर आरोपी इक्का उर्फ राकेश राठौर निवासी डबल चौकी और उसके अन्य साथियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।फरियादी खुशीराम यादव ने पुलिस को दर्ज शिकायत में बताया कि आरोपी इक्का उर्फ राकेश राठौर अपने दोस्तों के साथ उनके फार्म हाउस के गेट पर खड़ा था। जब उन्होंने युवकों से वहाँ से चले जाने के लिए कहा और बताया कि यह फार्म हाउस उनका है, तो आरोपी ने उलटा उन्हें ही वहाँ से चले जाने के लिए कहा। जब बुजुर्ग ने मना किया, तो इसी बात को लेकर आरोपी इक्का उर्फ राकेश राठौर और उसके दोस्त गालियाँ देने लगे। गालियाँ देने से मना करने पर, आरोपी इक्का उर्फ राकेश राठौर ने वहीं पड़े डंडे से बुजुर्ग की कमर और टाँगों में मारा, जिससे उन्हें चोटें आईं।
