मेसर्स भारत फर्टिलाईजर मंगलेश्वर मार्ग गौतमपुरा रोड देपालपुर द्वारा अनुदानित युरिया की कालाबाजारी करने तथा कृषकों को अधिक मूल्य पर उर्वरक का विक्रय करने सहित अन्य अनियमितताएं पाये जाने पर उप संचालक किसान कल्याण तथा कृषि विकास जिला इंदौर द्वारा इनका रजिस्ट्रेशन तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
उप संचालक कृषि श्री सी.एल. केवडा ने बताया कि कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के निर्देशानुसार इंदौर जिले में सघन गुण नियंत्रण अभियान अंतर्गत मेसर्स भारत फर्टिलाईजर मंगलेश्वर मार्ग गौतमपुरा रोड देपालपुर का उर्वरक निरीक्षक सह वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी विकास खण्ड देपालपुर द्वारा आज मंगलवार को निरीक्षण किया गया। निरीक्षणकर्ता अधिकारी द्वारा प्रस्तुत किये गये निरीक्षण प्रतिवेदन के अनुसार मेसर्स भारत फर्टिलाईजर द्वारा अनुदानित युरिया की कालाबाजारी की जाकर कृषकों को अधिक मूल्य पर उर्वरक का विक्रय किया जा रहा था तथा बिल बुक का संधारण विधिवत नहीं पाया गया। विक्रय स्थल पर उर्वरक के स्कंध का सूचना पटल पर उल्लेख नहीं पाया गया एवं विक्रय स्थल पर मूल्य सूची विधिवत नहीं पाई गई। जो कि उर्वरक (अकार्बनिक, कर्बानिक या मिश्रित) (नियंत्रण) आदेश 1985 का उल्लघंन होने से मेसर्स भारत फर्टिलाईजर मंगलेश्वर मार्ग गौतमपुरा रोड देपालपुर जिला इंदौर को प्रदाय उर्वरक प्राधिकार पत्र-2249 (रजिस्ट्रेशन नंबर-RS/439/1401/70/2023) को अधिसूचित प्राधिकारी एवं उप संचालक किसान कल्याण तथा कृषि विकास जिला इंदौर द्वारा तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
