
लक्ष्य बड़ा रखें और उसे पाने के लिये प्रयासरत रहें- राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल
इंदौर
राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने बुधवार को बुरहानपुर जिले में एक दिवसीय प्रवास के दौरान ग्राम पंचायत दवाटिया में प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों से गृह भेंट की। उन्होंने हितग्राहियों से सीधा संवाद कर योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर चर्चा की। राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने कहा कि शासन की योजनाओं का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना है, जिससे गरीब एवं जरूरतमंद परिवार सम्मानपूर्वक जीवनयापन कर सकें।
ग्राम पंचायत दवाटिया में राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल का ग्रामीण संस्कृति के साथ आत्मीय स्वागत किया गया। इस अवसर पर राज्यपाल श्री पटेल ने आवास योजना के हितग्राही श्री निहालसिंग किशन के यहां स्थानीय भोजन किया। उन्होंने ज्वार खिचड़ा, गुड़ चूरमा, मक्का की रोटी, उड़द दाल, चवले की भाजी, मिर्ची का ठेसा इत्यादि भोज्य पदार्थों का स्वाद लिया। राज्यपाल श्री पटेल के आगमन पर हितग्राहियों में उत्साह का माहौल दिखा।
राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने जनसंवाद करते हुए महिला हितग्राहियों से चर्चा भी की। उन्होंने जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभ एवं सुविधाओं के बारें में जानकारी ली। प्रवास के दौरान राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने प्रधानमंत्री आवास योजना के चार आवासों का अवलोकन कर परिवारजनों के साथ बैठकर संवाद किया।
शिक्षा के प्रति किया प्रोत्साहित
राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने कहा कि जीवन में लक्ष्य बड़ा रखें और उसे प्राप्त करने के लिये प्रयासरत रहें। यह बात श्री पटेल ने शासकीय आदिवासी कन्या आश्रम बोरीबुजुर्ग की बालिकाओं को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने बालिकाओं को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित किया। राज्यपाल श्री पटेल ने आश्रम की बालिकाओं से सीधा संवाद करते हुए दैनिक दिनचर्या, अध्ययन व्यवस्था, भोजन आदि की जानकारी ली।
उन्होंने महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए बालिकाओं को शिक्षित, आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर बालिकाओं ने राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल का गुलाब के फूल देकर स्वागत किया। उन्होंने कार्यक्रम में बालिकाओं द्वारा हाथों से बनायी गयी रचनात्मक कलाकृतियों का भी अवलोकन किया।
इस अवसर पर सांसद श्री ज्ञानेश्वर पाटील, बुरहानपुर विधायक श्रीमति अर्चना चिटनिस, नेपानगर विधायक सुश्री मंजू दादू, अन्य जनप्रतिनिधिगण, कलेक्टर श्री हर्ष सिंह, पुलिस अधीक्षक श्री देवेन्द्र पाटीदार सहित अन्य अधिकारीगण एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
