इंदौर।
विजयनगर पुलिस ने जज के डॉक्टर भाई की कार पर हमला करने के मामले में दो और आरोपियों आसिफ और जाहिद को गिरफ्तार किया है। जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि आरोपी जाहिद हत्या के मामले में १५ साल की सजा काटकर हाल ही में जेल से बाहर आया था। पूछताछ में सामने आया कि डॉक्टर पर हमले की सुपारी ५० हजार नहीं बल्कि एक लाख रुपये में दी गई थी। इस हमले का मास्टरमाइंड जेल में बंद कुख्यात बदमाश हेमंत यादव है, जिसने जेल से ही पूरी साजिश रची थी। गिरफ्तार जाहिद जेल से छूटते ही साजिद और मोहसीन की गैंग में शामिल हो गया था। हमले में हेमंत के ड्राइवर विशाल भंडारी ने आर्थिक मदद मुहैया कराई थी।पुलिस अब मुख्य साजिशकर्ता हेमंत यादव को प्रोटेक्शन वारंट पर जेल से लाकर पूछताछ करेगी ताकि इस पूरे आपराधिक नेटवर्क को ध्वस्त किया जा सके।
