इंदौर
आजाद नगर थाना इलाके मे बीती रात मामूली विवाद ने इतना हिंसक रूप ले लिया कि एक युवक को अपनी जान गंवानी पड़ी। सड़क पर चलते समय ‘घूरकर देखने’ जैसी छोटी सी बात पर हुए विवाद के बाद आरोपियों ने अपने साथियों को बुलाकर हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन संदिग्धों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान नीरज उर्फ निर्भय पिता मांगीलाल गंगराड़े, निवासी हिम्मत नगर पालदा के रूप में हुई है, जो मजदूरी का काम करता था। घटना के समय नीरज अपने साथी रितेश के साथ पालदा क्षेत्र से गुजर रहा था। रास्ते में आरोपियों से उनकी किसी बात को लेकर कहा-सुनी हो गई। विवाद की शुरुआत महज घूरकर देखने और रास्ते पर चलने के दौरान हुई धक्का-मुक्की से हुई थी। सड़क पर हुई सामान्य कहा-सुनी के बाद नीरज और रितेश आगे बढ़ गए थे, लेकिन आरोपी वहीं पास के रहने वाले थे। उन्होंने इस बात को प्रतिष्ठा का प्रश्न बना लिया और फोन कर अपने अन्य साथियों को हथियारों के साथ मौके पर बुला लिया। नीरज और रितेश कुछ समझ पाते, इससे पहले ही आरोपियों ने उन पर चाकू और अन्य धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में नीरज को गंभीर चोटें आईं, जबकि बीच-बचाव करने की कोशिश में उसका साथी रितेश भी घायल हो गया।घायल नीरज को रितेश तुरंत एमवाय अस्पताल लेकर पहुंचा, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। रितेश का कहना है कि हमला इतना अचानक और हिंसक था कि उन्हें संभलने का मौका ही नहीं मिला।आजाद नगर टीआई लोकेश सिंह भदौरिया के मुताबिक, पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। अब तक तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। वारदात में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। आजाद नगर पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है ताकि हमले में शामिल सभी चेहरों की पहचान की जा सके।
