इंदौर।
शहर में बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। रावजी बाजार और हीरानगर थाना क्षेत्रों में चाकूबाजी की दो अलग-अलग घटनाएं सामने आई हैं। पहली घटना में मामूली कहासुनी के बाद युवक के चेहरे पर चाकू से हमला किया गया, तो दूसरी वारदात में पुराने लेन-देन के पैसे मांगने पर आरोपी ने युवक का सिर फोड़ दिया। पुलिस ने दोनों ही मामलों में केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। रावजी बाजार थाना क्षेत्र की गली नंबर २ में बीती रात चाकूबाजी की सनसनीखेज वारदात हुई। फरियादी अंजिल कुमार जैन की रिपोर्ट के अनुसार, उनका परिचित अर्पित जैन निवासी शनि मंदिर गली जब वहां से गुजर रहा था, तभी आरोपी प्रिंस विश्नार निवासी हरिजन कॉलोनी उसे मिला। आरोपी ने अर्पित को देखते ही तानामारते हुए कहा कि ‘आजकल तू बहुत बड़ा बन
गया है’ और गालियां देना शुरू कर दिया। विरोध करने पर प्रिंस ने जेब से चाकू निकाला और अर्पित के चेहरे पर घोंप दिया। हमले में अर्पित लहूलुहान हो गया। आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गया। वहीं, दूसरी घटना हीरानगर इलाके के चौरसिया धर्मशाला के पास गौरी नगर में हुई। न्यू गौरी नगर निवासी यश पिता देवदास ठेंगिल अपनी पुरानी रिकवरी के पैसे लेने के लिए आरोपी विनीत जाधव के घर गया था। पैसे मांगने की बात पर विनीत भड़क गया और गाली-गलौज करने लगा। जब यश ने मना किया, तो विनीत ने पहले उसे लात-घूंसों से पीटा और फिर अचानक जेब से चाकू निकालकर यश के सिर पर दे मारा। हमले में यश के सिर से काफी खून बहने लगा। आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर यश को बचाया, जिसके बाद
आरोपी ने धमकी दी कि यदि दोबारा पैसे मांगे तो वह उसे जान से खत्म कर देगा।
