इंदौर
हीरानगर थाना क्षेत्र के ग्राम जस्सा कराड़िया में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां एक पति ने मामूली पैसों के विवाद में अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। मृतका ने महज १० दिन पहले ही एक बच्चे को जन्म दिया था, लेकिन पत्थर दिल पति ने उसकी शारीरिक स्थिति का भी लिहाज नहीं किया और मारपीट कर उसकी जान ले ली। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। हीरानगर टीआई सुशील पटेल के मुताबिक, घटना शुक्रवार शाम की है। ग्राम जस्सा कराड़िया स्थित ईंट भट्टे पर काम करने वाले सचिन का अपनी पत्नी सोनम मूल निवासी टीकमगढ़ से पैसों को लेकर विवाद हुआ था। आरोपी पति अपनी पत्नी से रुपयों की मांग कर रहा था, और जब सोनम ने पैसे देने से इनकार किया, तो सचिन अपना आपा खो बैठा और उसके साथ हिंसक मारपीट शुरू कर दी। मृतका सोनम ने मात्र १० दिन पहले ही एक शिशु को जन्म दिया था। वह अभी शारीरिक रूप से पूरी तरह स्वस्थ भी नहीं हुई थी कि पति की दरिंदगी का शिकार हो गई। विवाद के दौरान आरोपी सचिन ने सोनम की छाती और पेट पर एक के
बाद एक कई लात मारी। प्रसव के बाद पहले से ही कमजोर सोनम इन चोटों को बर्दाश्त नहीं कर सकी और उसकी हालत बिगड़ने से मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी सचिन मौके से फरार हो गया। पुलिस की टीमें उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। टीआई के अनुसार, पोस्टमार्टम की विस्तृत रिपोर्ट आने के बाद आरोपी के खिलाफ हत्या जैसी गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
