परदेशीपुरा थाना क्षेत्र के फिरोज गांधी नगर में एक सिरफिरे बदमाश द्वारा एक महिला को डरा-धमकाकर अवैध वसूली करने और जान से मारने की धमकी देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी पहले भी बच्चों को मारने की धमकी देकर पीड़िता से डेढ़ लाख रुपये ऐंठ चुका है और अब फिर से ‘पार्टी’ के नाम पर पैसों की मांग कर रहा है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, जीवन की फेल परदेशीपुरा निवासी ३० वर्षीय पीड़िता ने आरोपी अजय तिवारी निवासी फिरोज गांधी नगर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पीड़िता ने बताया कि आरोपी अजय तिवारी ने उसे और उसके बच्चों को खत्म करने की धमकी दी थी। बच्चों की सलामती के डर से वह अब तक आरोपी को किस्तों में १,५०,००० रुपये दे चुकी है।कल शाम जब पीड़िता फिरोज गांधी नगर इलाके से गुजर रही थी, तब आरोपी ने उसे बीच रास्ते में रोक लिया। आरोपी ने धौंस जमाते हुए कहा कि ‘आज मुझे पार्टी करनी है और मेरे पास पैसे नहीं हैं, मुझे पार्टी के लिए अभी पैसे दो।’ जब पीड़िता ने और पैसे देने से साफ इनकार कर दिया, तो आरोपी बीच सड़क पर ही गालियां देने लगा।महिला ने जब गाली-गलौज का विरोध किया, तो आरोपी और अधिक उग्र हो गया। उसने सरेराह धमकी दी कि ‘अगर तुमने पार्टी के लिए पैसे नहीं दिए, तो मैं तुम्हारे पति और बच्चों को जान से खत्म कर दूँगा।’ आरोपी के लगातार बढ़ते हौसलों और जान के खतरे को देखते हुए पीड़िता ने हिम्मत जुटाई और परदेशीपुरा थाने पहुँचकर मामला दर्ज कराया।
