बदमाश लॉकर को अपने साथ ले गए,
इंदौर।
लसूडिया थाना क्षेत्र में बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। अज्ञात बदमाशों ने महालक्ष्मी नगर स्थित ‘लेक्सो हाउस कंट्री पार्क’को निशाना बनाते हुए वहां रखे लाखों रुपए पर हाथ साफ कर दिया। बदमाश कंपनी का ताला तोड़कर अंदर घुसे और डायरेक्टर के केबिन में रखा लॉकर चुरा ले गए, जिसमें कर्मचारियों के वेतन के लिए रखी गई भारी भरकम नकदी मौजूद थी। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। लसूडिया पुलिस के मुताबिक, घटना की जानकारी फरियादी
ईश्वर पिता आत्माराम पंवार ने दी है। फरियादी ने पुलिस को बताया कि अज्ञात आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से कंपनी का ताला तोड़ा और सीधे डायरेक्टर योगेश शर्मा के केबिन में प्रवेश किया। वहां रखे लॉकर को बदमाश अपने साथ ले गए, जिसमें करीब ७ लाख रुपए की नकदी रखी हुई थी। बताया जा रहा है कि यह राशि कंपनी के कर्मचारियों के वेतन वितरण के लिए रखी गई थी। सुबह जब कर्मचारी ऑफिस पहुंचे, तो ताला टूटा देख उनके होश उड़ गए। केबिन के अंदर का नजारा देख तुरंत पुलिस को सूचना दी
गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके। पुलिस को अंदेशा है कि इस वारदात में किसी ऐसे व्यक्ति का हाथ हो सकता है जिसे ऑफिस
के अंदर रखे कैश और लॉकर की सही जानकारी थी। फिलहाल लसूडिया पुलिस ने चोरी का प्रकरण दर्ज कर जांच तेज कर दी है।
