इंदौर
नए साल के जश्न और जन्मदिन की खुशी मल्हारगंज इलाके में उस समय मातम में बदल गई, जब एक युवक की उसके ही करीबी दोस्त ने चाकू घोंपकर हत्या कर दी। मृतक का ३१ दिसंबर को जन्मदिन था और पार्टी के दौरान मामूली कहासुनी ने इतना तूल पकड़ा कि आरोपी ने अपने दोस्त पर हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। मल्हारगंज थाना प्रभारी वेदेन्द्र सिंह कुशवाह के मुताबिक, मृतक की पहचान पुष्पेंद्र पिता राजकुमार (२२), निवासी हुकुमचंद कॉलोनी के रूप में हुई है। पुलिस को रात करीब २ बजे सूचना मिली थी कि एक घर में चल रही पार्टी के दौरान विवाद और चाकूबाजी हुई है। जांच में सामने आया कि पुष्पेंद्र का जन्मदिन होने के कारण उसने अपने दोस्तों को ‘बर्थडे’ और ‘थर्टी फर्स्ट’ की डबल पार्टी के लिए बुलाया था।पार्टी के दौरान रात करीब १२:३० बजे सभी दोस्त हंसीमजाक कर रहे थे। इसी बीच, पुष्पेंद्र और उसके दोस्त गब्बू उर्फ नीरज यादव के बीच गाली-गलौज को लेकर बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया और तैश में आकर नीरज ने चाकू निकालकर पुष्पेंद्र पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घायल पुष्पेंद्र को उसके अन्य साथी तुरंत अस्पताल ले गए, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की टीमों ने रातभर दबिश दी और अलसुबह मुख्य आरोपी नीरज यादव को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पार्टी में मौजूद अन्य युवकों से भी पूछताछ कर रही है ताकि घटनाक्रम की पूरी सच्चाई सामने आ सके। फिलहाल, पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर फरारअन्य संदिग्धों की तलाश तेज कर दी है।
