इंदौर
नए साल का जश्न मनाकर लौट रहे दोस्तों की खुशियाँ उस वक्त मातम में बदल गईं, जब उनकी तेज रफ्तार थार कार सामने से आ रही यात्री बस से जा टकराई। तेजाजी नगर थाना क्षेत्र की टपाल घाटी पर अलसुबह हुए इस भीषण हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक और युवती गंभीर रूप से घायल हैं। बताते है कि मृतक शुभम पिता अमर कक्कड़ (२४) निवासी नागदा जिला उज्जैन, इंदौर में ऑटोमेटिक्स की परीक्षा देने आया था। परीक्षा खत्म होने के बाद वह अपने दोस्तों प्रियांशु मैहर निवासी नंदा नगर और आयुषी गौड़ निवासी मंगल नगर के साथ ३१ दिसंबर और न्यू ईयर की पार्टी मनाने निकला था। पार्टी से लौटते समय उनकी महिंद्रा थार एमपी-०९ झेडएल ४००१ सनावद जा रही यात्री बस एमपी१० पी ९०८८ से टकरा गई।हादसे का
मंजर बेहद खौफनाक था। टक्कर लगते ही थार के दोनों एयरबैग खुल गए, लेकिन शुभम को बचाया नहीं जा सका। थार के भीतर शराब की बोतलें और अन्य सामग्री भी बिखरी मिली है, जिससे पुलिस प्रारंभिक तौर पर इसे ‘ड्रिंक एंड ड्राइव’ और तेज रफ्तार का मामला मान रही है। सड़क पर डीजल फैलने से कुछ देर के लिए यातायात बाधित रहा और अफरा-तफरी मची रही।हादसे के वक्त बस में करीब १५-२० यात्री सवार थे, जिनमें से कुछ को मामूली चोटें आईं। उन्हें दूसरी बस से गंतव्य के लिए रवाना किया गया। वहीं, गंभीर रूप से घायल प्रियांशु और आयुषी को पहले एमवाय अस्पताल ले जाया गया, जहाँ से परिजनों ने उन्हें निजी अस्पताल में शिफ्ट कराया है। तेजाजी नगर पुलिस ने हादसे में मारे गए युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
