इंदौर।
परदेशीपुरा थाना क्षेत्र के नंदानगर में शातिर ठगों ने एक बुजुर्ग को अपनी मदद के झांसे में लेकर उनका एटीएम कार्ड बदल दिया और बैंक खाते से हजारों रुपये पार कर दिए। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।पुलिस के मुताबिक, फरियादी राजेश पिता श्रीकान्त जोशी (६५), निवासी सत्यम विहार ईएसआई कम्पाउण्ड नंदा नगर, अपने घर के पास स्थित एसबीआई के एटीएम से रुपये निकालने गए थे। जब वे मशीन का उपयोग कर रहे थे, तभी वहां मौजूद तीन अज्ञात युवकों ने उन्हें घेर लिया। आरोपियों ने बुजुर्ग को कार्ड लगाने का सही तरीका बताने का नाटक किया।बातचीत के दौरान आरोपियों ने बड़ी चालाकी से फरियादी का असली एटीएम कार्ड अपने पास रख लिया और उन्हें एक नकली कार्ड थमा दिया। ठगों ने उन्हें कार्ड लगाकर दिखाया और कहा कि मशीन से रुपये नहीं निकल रहे हैं। बुजुर्ग उनकी बातों में आ गए और नकली कार्ड लेकर घर चले गए।घर पहुँचने के थोड़ी देर बाद राजेश जोशी के मोबाइल पर २०,००० रुपये कटने का मैसेज आया। उन्होंने तुरंत अपने बेटे को इसकी जानकारी दी। जब तक बेटे ने एटीएम कार्ड ब्लॉक करवाया, तब तक शातिर ठग अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए खाते से कुल ५५,००० रुपये निकाल चुके थे। सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस— परदेशीपुरा पुलिस ने अज्ञात तीन युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस एटीएम बूथ और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
