इंदौर
शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में शातिर चोरों ने एक बार फिर पुलिस गश्त को चुनौती दी है। चोरों ने आजाद नगर में एक नमकीन दुकान को निशाना बनाया, वहीं द्वारकापुरी और कनाड़िया क्षेत्र में दो घरों के ताले तोड़कर नकदी और जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश में जुटी है। आजाद नगर पुलिस के मुताबिक, चोरी की पहली वारदात उद्योग नगर पालदा स्थित एक नमकीन दुकान पर हुई। फरियादी विनोद पिता राधेश्याम शर्मा निवासी शिव-मोती नगर, नवलखा ने बताया कि १५ दिसंबर की रात अज्ञात बदमाशों ने दुकान का ताला तोड़ दिया और अंदर रखे नमकीन के पैकेट, नकदी और अन्य कीमती सामान चुरा ले गए। पुलिस ने इस मामले में देरी से केस दर्ज किया है। अलमारी खंगालकर ले गए ४० हजार और जेवर कनाड़िया थाना क्षेत्र के नीर नगर मयंक ब्लू वॉटर पार्क रोड में भी एक बड़ी चोरी हुई। फरियादी भाग्यश्री पति रणजीत गुप्ता के घर का ताला तोड़कर चोर अंदर दाखिल हुए। बदमाशों ने घर की अलमारियों को तसल्ली से खंगाला और वहां रखे सोने के कान के बाले, चांदी की पायल, बिछियां, सिक्के और ४० हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। द्वारकापुरी थाना इलाके के विदुर नगर गली नंबर ३ में रहने वाले सुनील पिता भीलूराम फगोरे के मकान को भी चोरों ने निशाना बनाया। फरियादी के मुताबिक, बदमाश घर से सोने की नथ, चांदी की पायजेब, बिछुड़ी, चांदी का गुच्छा, अंगूठी सेट और १५०० रुपये नकद चुरा ले गए।सभी मामलों में संबंधित थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ चोरी का प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि बदमाशों के हुलिए और भागने के रास्ते का सुराग लगाया जा सके।
