इंदौर।
बाणगंगा थाना क्षेत्र के टिगरिया बादशाह रेलवे फाटक के पास एक ई-रिक्शा चालक की लापरवाही और गुंडागर्दी का मामला सामने आया है। कार में टक्कर लगने के बाद जब चालक ने विरोध किया, तो आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर पत्थर और डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। पुलिस के मुताबिक, फरियादी ऋषिकेश पिता हिरेन मोदक, निवासी भवानी नगर सांवेर रोड ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह अपनी कार से जा रहे थे, तभी ई-रिक्शा क्रमांक एमपी-०९ एएस ७५०१ के चालक ने वाहन को तेज गति और लापरवाही से चलाते हुए कार में ड्राइवर साइड से जोरदार टक्कर मार दी।जब फरियादी ने कार रोककर ई- रिक्शा चालक को टोकते हुए कहा कि ‘देखकर क्यों नहीं चला रहे हो’, तो आरोपी चालक गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने फरियादी के सिर पर पत्थर दे मारा। फरियादी के दोस्त सोनू ने जब बीचबचाव करने की कोशिश की, तो ई-रिक्शा चालक के तीन अन्य साथी वहां आ गए। आरोपियों ने सोनू पर लकड़ी के डंडों से हमला कर उसे बुरी तरह घायल कर दिया।हमले के दौरान आरोपी चिल्लाते हुए कह रहे थे कि ‘आज तो बच गए, दोबारा मिले तो जान से खत्म कर देंगे।’ वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।बाणगंगा पुलिस ने ऋषिकेश की शिकायत पर ई-रिक्शा चालक और उसके तीन साथियों के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है।
