इंदौर
परदेशीपुरा थाना इलाके में एक शादी समारोह के दौरान उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक युवक ने अपने ही सौतेले पिता पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। आरोपी ने युवक के सीने और गर्दन पर जानलेवा वार किए और मौके से फरार हो गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को घेराबंदी कर दबोच लिया है। परदेशीपुरा पुलिस के मुताबिक, वारदात शिवाजी नगर स्थित देवी अहिल्या परिसर राम मंदिर के पास में कल रात करीब ९:३० बजे हुई। घायल युवक राहुल पिता कैलाश वर्मा (३५), निवासी शिवाजी नगर है वह एक शादी के रिसेप्शन में शामिल होने गया था। वहीं पर आरोपी जय उर्फ मिण्डी भी मौजूद था। राहुल को देखते ही जय गालियां देने लगा। जब राहुल ने विरोध किया, तो जय ने जेब से चाकू निकाला और जान से मारने की नीयत से राहुल की छाती और गर्दन पर कई वार कर दिए।एडिशनल डीसीपी अमरेंद्र सिंह के अनुसार, इस हमले के पीछे पारिवारिक रंजिश मुख्य वजह है। घायल राहुल ने साल २०२० में आरोपी जय की मां से (उसके पूर्व पति से तलाक होने के बाद) शादी कर ली थी। जय इसी बात को लेकर राहुल से नफरत करता था और रंजिश पाले हुए था। कल रात मौका मिलते ही उसने राहुल पर प्राणघातक हमला कर दिया। चाकूबाजी की सूचना मिलते ही परदेशीपुरा थाना प्रभारी और उनकी टीम मौके पर पहुँची। गंभीर रूप से घायल राहुल को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। वारदात के बाद भाग रहे आरोपी जय उर्फ मिण्डी को पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया है।
