इंदौर
आज़ाद नगर थाना क्षेत्र के शिवनगर मूसाखेड़ी में आपसी रंजिश के चलते मारपीट और तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। यहाँ चार बदमाशों ने मिलकर एक युवक पर पत्थरों से हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया और उसकी गाड़ी में भी तोड़फोड़ की। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, घटना शिवनगर मूसाखेड़ी की है। घायल युवक गोविन्द पिता हरिप्रसाद, जो मूल रूप से कन्नौद जिला देवास का निवासी है, उसकी रिपोर्ट पर आरोपी लक्की, आकाश, भय्यू और चीनी के खिलाफ केस दर्ज किया है।फरियादी गोविन्द ने बताया कि आरोपी लक्की कदम, आकाश जाटव, भय्यू और चीनी सभी निवासी शिवनगर ने उसे रास्ते में रोककर विवाद शुरू किया और गालियां देने लगे। जब गोविन्द ने अभद्र भाषा का विरोध किया, तो आरोपियों ने उस पर हमला बोल दिया। मारपीट के दौरान आरोपियों ने पत्थर उठाकर गोविन्द पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे उसे शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं। इतना ही नहीं, बदमाशों ने वहां खड़ी गाड़ी में भी जमकर तोड़फोड़ की और नुकसान पहुँचाया। हमले के बाद आरोपी पीड़ित को जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
