इंदौर
बाणगंगा थाना क्षेत्र स्थित ओरिएंटल कॉलेज में मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। कॉलेज के तीन सीनियर छात्रों ने जूनियर छात्रों पर सिगरेट और अन्य सामान मंगवाने का दबाव बनाया। जब जूनियर छात्रों ने उनकी बात मानने से इनकार कर दिया, तो आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए जमकर मारपीट की। पुलिस ने पीडि़त छात्र की शिकायत पर तीनों नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। बाणगंगा पुलिस के मुताबिक, मूल रूप से शाजापुर निवासी और वर्तमान में ओरिएंटल कॉलेज के छात्र प्रणव पिता पर्वत सिंह कटारिया (18) ने शिकायत दर्ज कराई है। प्रणव ने पुलिस को बताया कि वह अपने दोस्तों केशव जोशी, शिवनारायण यादव और रोहन कुमार सिंह के साथ कॉलेज परिसर में था, तभी कॉलेज हॉस्टल में रहने वाले तीन सीनियर छात्र हरिहर पटेल, रितुराज सिंह राजपूत और तेहमीर खान वहां पहुंचे। आरोपियों ने धौंस जमाते हुए कहा कि ‘हम लोग तुमसे सिगरेट या जो भी सामान मंगवाएंगे, वह तुम्हें लाकर देना पड़ेगा।’ जब प्रणव और उसके दोस्तों ने सिगरेट लाने से साफ मना कर दिया, तो तीनों आरोपी भडक़ गए। उन्होंने जूनियर छात्रों को गालियां देना शुरू कर दिया और उनके साथ मारपीट की। शोर-शराबा सुनकर जब वहां भीड़ जुटने लगी, तो आरोपी वहां से भाग निकले। जाते-जाते आरोपियों ने पीडि़त छात्रों को धमकाते हुए कहा कि ‘आज तो बच गए हो, आइंदा अगर हमारा कहना नहीं माना तो जान से खत्म कर देंगे।
