इंदौर
बाणगंगा थाना क्षेत्र स्थित महाराणा प्रताप अस्पताल में एक ऑटो चालक ने जमकर उत्पाद मचाया। ड्यूटी पर लाने-ले जाने की सुविधा बंद करने से नाराज चालक ने न केवल महिला कर्मचारी के साथ अभद्रता की, बल्कि अस्पताल स्टाफ को पीटते हुए ड्रेसिंग रूम का कांच भी तोड़ दिया। बाणगंगा पुलिस के मुताबिक, महालक्ष्मी नगर निवासी श्वेता जैन (37) जो कि महाराणा प्रताप अस्पताल में कार्यरत हैं। आरोपी सतीश जैन उर्फ गोलू के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। श्वेता ने बताया कि सतीश पहले उन्हें रोज ऑटो से अस्पताल लाने और ले जाने का काम करता था। दो-तीन दिन पहले उन्होंने उसे आने-जाने से मना कर दिया था, जिससे वह रंजिश पाले हुए था।कल दोपहर करीब 12:30 बजे आरोपी सतीश अचानक अस्पताल पहुँचा और श्वेता जैन को देखते ही आपा खो बैठा। उसने सरेराह महिला कर्मचारी को मां-बहन की अश्लील गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दी। शोर सुनकर जब स्टाफ सदस्य सौरभ बंसल और गार्ड लालता प्रसाद बीच-बचाव करने आए, तो आरोपी ने उनके साथ भी हाथ-मुक्कों से मारपीट की। गुस्साए आरोपी यहीं नहीं रुका, उसने पास ही रखा एक लोहे का फुट-स्टेप (पायदान) उठाकर ड्रेसिंग रूम के गेट पर दे मारा। हमले में गेट का कांच चकनाचूर हो गया, जिससे अस्पताल की संपत्ति को नुकसान पहुँचा। घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और मरीज व परिजन सहम गए।
