इंदौर
लसूडिया थाना क्षेत्र में शनिवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में एक युवक की जान चली गई। इंदौर-देवास बायपास पर शेरेटन होटल के समीप एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और चालक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस के मुताबिक कार एमपी-०९ झेडएम ४५४५ की रफ्तार काफी तेज थी। टक्कर के दौरान कार के सुरक्षा एयरबैग तो खुले, लेकिन प्रभाव इतना जबरदस्त था कि वे भी चालक की जान नहीं बचा सके। हादसे में मृतक का सिर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। मृतक के पास से विक्रम पिता परमजीत राणा, निवासी संपत हिल का पहचान पत्र मिला है।घटना की सूचना मिलते ही लसूडिया पुलिस की टीम मौके पर पहुँची और शव को एम्बुलेंस के जरिए अस्पताल भिजवाया। दुर्घटना के कारण बायपास पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित हुआ, जिसे क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त कार को सड़क से हटाकर सुचारू किया गया।हादसे के समय ट्रक की स्थिति और कार की गति को लेकर पुलिस जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर माना जा रहा है कि अंधेरे में तेज रफ्तार के कारण चालक को आगे चल रहे ट्रक की दूरी का अंदाजा नहीं लग पाया होगा। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है।
