
इंदौर
एयरपोर्ट रोड पीलियाखाल स्थित प्राचीन हंसदास मठ के दसवें लोकार्पण दिवस के उपलक्ष्य में 19 से 23 जनवरी तक श्री लक्ष्मीनारायण महायज्ञ का दिव्य अनुष्ठान हंस पीठाधीश्वर स्वामी रामचरणदास महाराज एवं महामंडलेश्वर महंत पवनदास महाराज के सान्निध्य में होगा। मठ स्थित भगवान रणछोड़जी एवं चिंतारहण पंचमुखी हनुमानजी को समर्पित यह अनुष्ठान प्रतिदिन सुबह 8.30 बजे से दोपहर 1 बजे तक यज्ञाचार्य पं. विवेक कृष्ण शास्त्री के निर्देशन में विद्वान आचार्यों द्वारा संपन्न कराया जाएगा। बसंत पंचमी 23 जनवरी को सुबह 9 बजे से ब्राहमण बटुकों का यज्ञोपवीत संस्कार भी होगा।
मठ के पं. अमितदास महाराज ने बताया कि इस उपलक्ष्य में मठ को पुष्पों एवं विद्युत सज्जा से श्रृंगारित किया गया है। सोमवार 19 जनवरी को सुबह 8.30 बजे मठ स्थित यज्ञशाला में लक्ष्मीनारायण महायज्ञ का शुभारम्भ होगा। यज्ञ के यजमान समूह में श्रीमती वर्षा शर्मा, अनंत महंत एवं विनोद कुमार जोशी मनोनीत किए गए हैं। बसंत पंचमी पर यहाँ सुबह 9 बजे से विश्व ब्राह्मण समाज संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष पं. योगेन्द्र महंत के आतिथ्य में ब्राहमण बटुकों का यज्ञोपवीत संस्कार भी होगा। यज्ञ में शामिल होने के इच्छुक बटुक मोबाइल 96302-72407 पर महंत अमितदास से सम्पर्क कर सकते हैं। उल्लेखनीय है कि मठ पर प्रभु राम की 6 फुट ऊंची दिव्य प्रतिमा है। इतनी ऊंची प्रतिमा शहर के किसी अन्य राम मंदिर में नहीं है। मठ स्थित राम दरबार की दिव्य और मनोहारी प्रतिमाओं का श्रृंगार भी इस अवसर पर किया जाएगा। महोत्सव की तैयारियां प्रारंभ हो चुकी हैं।
