इंदौर एमआईजी थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ सरेराह छेड़छाड़ और अभद्रता का मामला सामने आया है। अपने घर लौट रही पीड़िता को पड़ोस में रहने वाले दो युवकों ने न केवल आपत्तिजनक इशारे किए, बल्कि विरोध करने पर उनके साथ गाली-गलौज भी की। पुलिस ने महिला की शिकायत पर दोनों आरोपियों के खिलाफ छेड़छाड़ और अन्य संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस के मुताबिक कृष्णबाग कॉलोनी में रहने वाली ३२ वर्षीय पीड़िता ने थाने पहुँचकर अपनी आपबीती सुनाई।पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह अपनी एक्टिवा से काम खत्म कर वापस अपने घर लौट रही थी। जैसे ही वह अपने घर के सामने पहुँची, वहां पहले से खड़े आरोपी देवेश कौशल और सोनू ने उसे देखकर गंदे इशारे करना शुरू कर दिए। आरोपियों ने महिला पर आपत्तिजनक कमेंट्स भी किए। जब महिला ने आरोपियों की इस हरकत का कड़ा विरोध किया और उन्हें फटकार लगाई, तो आरोपीगण भड़क गए। उन्होंने महिला के साथ सरेराह गालीगलौज की और अभद्र व्यवहार किया। घटना के बाद पीड़िता ने परिजनों के साथ एमआईजी थाने पहुँचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों नामजद आरोपियों के खिलाफ छेड़छाड़ और गाली-गलौज के तहत मामला पंजीबद्ध कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
