इंदौर
लसूड़िया थाना क्षेत्र अंतर्गत निरंजनपुर में २० जनवरी को हुई एक दुखद सड़क दुर्घटना में पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। ८ वर्षीय बालक शिवांक की मौत के मामले में पुलिस ने आरोपी बाइक चालक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। एसीपी पराग सैनी ने बताया कि पुलिस जांच और चश्मदीदों के बयानों में यह बात सामने आई है कि आरोपी रितिक भदौरिया निवासी निरंजनपुर नई बस्ती, देवास नाका बिना नंबर की यामहा मोटरसाइकिल को अक्सर कॉलोनी की तंग गलियों में बेहद तेज रफ्तार और खतरनाक ढंग से चलाता था। स्थानीय रहवासियों ने उसे कई बार रोककर समझाया था कि उसकी इस लापरवाही से किसी की जान जा सकती है, लेकिन आरोपी ने इन चेतावनियों को अनसुना कर दिया।२० जनवरी को भी रितिक ने उसी खतरनाक अंदाज में बाइक दौड़ाई और घर के पास मौजूद मासूम शिवांक पिता ज्ञानीशंकर शर्मा को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण टक्कर में शिवांक को गंभीर चोटें आईं और उसकी मृत्यु हो गई। पुलिस का मानना है कि आरोपी को यह
अच्छी तरह पता था कि रहवासी इलाके में तेज गति से वाहन चलाना जानलेवा हो सकता है, फिर भी उसने लापरवाही जारी रखी। यही कारण है कि पुलिस ने इसे महज एक दुर्घटना न मानकर गंभीर अपराध की श्रेणी में रखा है।लसूड़िया पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी रितिक पिता अर्जुन भदौरिया को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि एक्सीडेंट के दौरान बाइक से गिरने के कारण आरोपी के दाहिने हाथ में भी चोट आई है।
