
संस्था सेवा सुरभि के तत्वावधान में दुआ सभागृह में विशिष्ट अतिथि करेंगे सम्मान – आज शहर की यातायात व्यवस्था पर परिचर्चा
इंदौर। संस्था सेवा सुरभि, जिला प्रशासन, इंदौर पुलिस, नगर निगम एवं विकास प्राधिकरण की सहभागिता में चलाए जा रहे ‘झंडा ऊंचा रहे हमारा’ अभियान के तहत रविवार 25 जनवरी को गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर शाम 6 बजे देवास जिले के शहीद सैनिक संजय मीणा के परिजनों का सम्मान और शाम 7.30 बजे से रीगल चौराहा स्थित इंडिया गेट पर शहर के नागरिकों की ओर से अनाम शहीदों के नाम श्रद्धा की एक-एक मोमबत्ती प्रज्वलित की जाएगी। शहीद मीणा देवास जिले के टोंकखुर्द के निकट संवरसी गाँव के मूल निवासी थे और 9 अक्टूबर 2025 को देश की सीमा की रक्षा करते हुए वे 23350 फीट ऊँची नंदनवन पहाड़ी पर आए बर्फीले तूफ़ान में फंसने से शहीद हो गए।
संस्था सेवा सुरभि के संयोजक ओमप्रकाश नरेडा, कुमार सिद्धार्थ एवं गोविंद मंगल ने बताया कि ग्राम संवरसी के लालसिंह और श्रीमती पार्वती के घर 2 मई 1993 को जन्मे संजय मीणा अपनी 12वीं तक की पढाई पूरी कर 25 मार्च 2013 को सेना में भर्ती होकर ग्रेनेडियर्स रेजिमेंट में 9 माह के कठिन प्रशिक्षण के बाद 11वीं बटालियन में पदस्थ हुए। इस दौरान बॉर्डर पर लॉन्ग रूट पेट्रोलिंग करते हुए संजय मीणा को जोशी मठ उत्तराखंड के हार्शील इलाके में 23 सितम्बर 2025 को तैनात किया गया था। बाद में उन्हें भोजवासा एवं नंदनवन के लिए भेजा गया जिसकी समुद्रतल से ऊंचाई 23350 फीट है। 7 अक्टूबर को ज्यादा ऊंचाई के कारण उन्हें शारीरिक परेशानी शुरू हो गई। इस दौरान बर्फीले तूफ़ान में फंस जाने के कारण उन्हें हेलिकॉप्टर से बचाने के लिए प्रयास किए गए लेकिन मौसम ख़राब होने से हेलिकॉप्टर देहरादून से उड़ान नहीं भर पाया। 9 अक्टूबर को मौसम ठीक होने पर हेलिकॉप्टर नंदनवन पहुंचा और संजय मीणा को बचाने का प्रयास किया गया लेकिन देश की रक्षा करते हुए सुबह 9.20 बजे हेलिकॉप्टर के साथ आए चिकित्सकों ने उन्हें शहीद घोषित कर दिया। इस तरह देवास जिले के जाबांज सैनिक संजय मीणा अपने पीछे पत्नी श्रीमती पूनम मीणा, 9 वर्ष के पुत्र युवराज मीणा और 6 वर्ष की पुत्री प्रतिभा तथा अपने माता-पिता सहित पूरे परिवार को छोड़कर देश के खातिर शहीद हो गए। उन्हें तिरंगे ध्वज के साथ अपने गृह गाँव संवरसी लाकर सैन्य सलामी के साथ अंतिम बिदाई दी गई।
संस्था सेवा सुरभि द्वारा गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर शहीद संजय मीणा के परिजनों का शाम 6 बजे दुआ सभागृह में सम्मान किया जाएगा। शहर के अनेक गणमान्य अतिथि शहीद के परिजनों का सम्मान करेंगे। इस समारोह के बाद सभी अतिथि शाम 7.30 बजे शहीद के परिजनों एवं अतिथियों के साथ इंडिया गेट एवं अमर जवान ज्योति पर पहुंचकर अनाम शहीदों के नाम श्रद्धा की एक-एक मोमबत्ती प्रज्वलित करेंगे। संस्था की ओर से इंडिया गेट पर मोमबत्ती एवं पुष्पों की व्यवस्था की गई है ताकि आम नागरिक वहां आकर अपनी ओर से अनाम शहीदों को दीपांजलि, पुष्पांजलि समर्पित कर अपना कर्तव्य निभा सकें।
आज प्रेस क्लब में यातायात व्यवस्था पर परिचर्चा – अभियान के तहत शनिवार 24 जनवरी को प्रेस क्लब में शहर की यातायात व्यवस्था–परिदृश्य और समाधान विषय पर प्रेस क्लब के सभागृह में इंदौर प्रेस क्लब की सहभागिता में शाम 4 बजे बेंगलुरु से आए यातायात विशेषज्ञ आशीष वर्मा की उपस्थिति में परिचर्चा होगी। परिचर्चा में शहर की यातायात पुलिस के अधिकारी, प्रबुद्धजन एवं अन्य विशेषज्ञ भी शामिल होकर उनके सुझावों पर मंथन करेंगे।
