इंदौर
शहर में कार दुर्घटना थमने का नाम ही नहीं ले रहे। तेज रफ्तार कार ने एक बार फिर अपना नियंत्रण खोया और दुर्घटना का शिकार हो गई। इसकी चपेट में दो अन्य कारें और दो बाइक भी आ गए। गनीमत रही कि इस घटना में गंभीर चोट नहीं लगी, लेकिन वाहनों के हालात देखकर कार की स्पीड और टक्कर मारने का अंदाजा लगाया जा सकता है। मिली जानकारी के अनुसार घटना रात करीब 2:30 बजे महालक्ष्मी नगर से बॉम्बे हॉस्पिटल की ओर जाने वाले मार्ग चौराहे के समीप हुई। एक तेज रफ्तार हुंडई कार क्रमांक एमपी-09 डब्ल्यूएच-8374 ने सडक़ किनारे खड़ी रिट्ज कार क्रमांक एमपी-09 सीएन5977 को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि रिट्ज कार ने आगे खड़ी बाइक और बुलेट को अपनी चपेट में लिया और उन्हें टक्कर मारते हुए आगे खड़ी एक दूसरी कार क्रमांक एमपी-09 एएम-0249 में जा भिड़ी। बाइक और बुलेट तो तलघर में जा गिरे। कार की रफ्तार का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि रिट्ज कार ने आगे खड़ी कार को जब टक्कर मारी तो उसका पिछला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कार में युवक और युवती सवार थे, हालांकि किसी को गंभीर चोट नहीं लगी। वही टक्कर मारने वाली कार चालक की भी एयरबैग खुलने से जान बच गई।
