रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से मेहमानों को बनाए रखा मंत्रमुग्ध

इंदौर। राजमोहल्ला स्थित परसरामपुरिया एकेडमी का वार्षिकोत्सव साहित्यकार महेंद्र कुमार सांघी के मुख्य आतिथ्य एवं राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त समाजसेवी रामदास गोयल की अध्यक्षता में विद्यालय परिसर में सम्पन्न हुआ।
सरस्वती वन्दना के साथ प्रारंभ हुए इस आयोजन में ट्रस्टी डॉ. लोकेश जोशी, सचिव कुणाल मिश्रा, डॉ. निर्मल महाजन ने भी अपने प्रेरक विचार रखे और अतिथियों के साथ विद्यालय के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया। मुख्य अतिथि सांघी ने बच्चों को जंक फुड का सेवन नहीं करने का संकल्प दिलाया और जंक फुड से होने वाले नुकसान भी बताए। बच्चों ने दुर्गास्त्रोत, राधा कृष्ण गीत पर नृत्य, पर्यावरण की रक्षा में आदिवासियों के योगदान, शिव नृत्य, भगोरिया उत्सव सहित अनेक रंगारंग प्रस्तुतियों से मेहमानों का मन मोह लिया। दुर्गास्त्रोत पर आधारित “ऐ गिरि नंदिनी…..” और लता मंगेशकरजी के गाए गीत “सर पर हिमालय का छत्र है…’ को खूब तालियाँ मिली। विद्यालय के बच्चों ने विज्ञान और सामाजिक विज्ञान पर आधारित प्रदर्शनी के साथ ही आर्ट्स एंड क्राफ्ट्स प्रदर्शनी में देश के ५१ शक्तिपीठों एवं प्रमुख मंदिरों की प्रतिकृतियाँ भी बनाई, जिनका अवलोकन कर मेहमानों ने खुलेमन से प्रशंसा की। संचालन श्रीमती मनीषा वर्मा एवं दीपा अग्रवाल ने किया। अंत में आभार माना प्राचार्य श्रीमती रंजना कोटिया ने।
