बोर्ड सदस्यों ने निर्माण कार्यों की प्रगति देखी

इंदौर
मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव की पहल पर पुराना आरटीओ इंदौर पर निर्माणाधीन देवी अहिल्या स्मारक के ट्रस्ट बोर्ड की बैठक आज शनिवार को सम्पन्न हुई। बैठक में ट्रस्ट की अध्यक्ष श्रीमती सुमित्रा महाजन सहित सांसद श्री शंकर लालवानी,कार्यकारी अध्यक्ष श्री अनिल डागा,समाजसेवी श्री विनोद अग्रवाल,विकास आयुक्त श्री डी.एस.रणदा,श्री मिलिंद महाजन,श्री पुरूषोत्तम पसारी सहित संबंधित सदस्य शामिल हुये। बैठक में ट्रस्ट की अध्यक्ष श्रीमती सुमित्रा महाजन ने देवी अहिल्या स्मारक प्रतिष्ठान ट्रस्ट द्वारा पुराना आरटीओ भवन पर निर्माणाधीन देवी अहिल्या स्मारक के विकास कार्यों की समीक्षा की।
बैठक में ट्रस्ट के कार्यकारी अध्यक्ष श्री अनिल डागा ने बोर्ड सदस्यों को निर्माणाधीन देवी अहिल्या स्मारक के विकास कार्यों के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुये बताया कि यह स्मारक पुण्य श्लोका देवी अहिल्याबाई की स्मृति में बनाया जा रहा है। करोड़ों रुपये की लागत से बन रहे उक्त स्मारक में ईंट, रेत, गुड,बैलफल,मैथीदाना, सरस आदि के मिश्रण से पुराने भवन पर प्लास्टर किया जा रहा है ताकि उसका मूल स्वरूप के साथ मजबूती भी बनी रहे। इसके अलावा देवी अहिल्या स्मारक पर वाटर प्रूफिंग और बाउण्ड्री वॉल का कार्य भी चल रहा है। बैठक के पूर्व ट्रस्ट बोर्ड के सदस्यों ने निर्माणाधीन देवी अहिल्या स्मारक के विकास कार्यों का अवलोकन किया। इस अवसर पर ट्रस्ट बोर्ड के सदस्य सहित आर्किटेक्ट श्री हिमांशु डूडवडकर, श्रीमती श्रेया भार्गव, श्री प्रवीण श्रीवास्तव आदि उपस्थित थे।
