एमआईजी थाना क्षेत्र में एक युवती के साथ दोस्ती कर शादी का झांसा देने और फिर दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने न केवल पीड़िता का शारीरिक शोषण किया, बल्कि झांसे में लेकर उससे मोटी रकम भी वसूल ली। पुलिस ने पीड़िता
की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, २८ वर्षीय युवती ने प्रवेश पिता बबलू मंडलोई निवासी शिव शक्ति नगर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पीड़िता ने बताया कि आरोपी प्रवेश ने उससे पहले दोस्ती की और फिर शादी करने का वादा कर उसे अपने विश्वास में ले लिया। शादी का झांसा देकर आरोपी ने पीड़िता के साथ उसकी मर्जी के बिना कई बार शारीरिक संबंध बनाए।पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने अपना पुराना कर्ज चुकाने का बहाना बनाकर उससे १ लाख
५० हजार रुपये भी उधार ले लिए। जब पीड़िता ने शादी का दबाव बनाया और अपने रुपये वापस मांगे, तो आरोपी ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया और रुपये लौटाने में भी आनाकानी करने लगा। आरोपी की नीयत भांपते हुए पीड़िता ने थाने की शरण ली। एमआईजी पुलिस ने आरोपी प्रवेश मंडलोई के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
