देश के लगभग सभी राज्यों से आ रहे उच्च शिक्षित एवं स्वयं के कारोबार में स्थापित प्रत्याशी – तैयारियों पर मंथन जारी

इंदौर
ब्रह्मलीन समाजसेवी मिश्रीलाल गोयल की पुण्य स्मृति में अग्रवाल महासभा की मेजबानी में 28 से 30 मार्च तक गांधी हॉल परिसर में आयोजित किए जा रहे अ.भा. अग्रवाल युवक-युवती परिचय सम्मेलन के लिए अब तक 830 प्रविष्ठियां प्राप्त हो चुकी हैं, इनमें 450 युवक एवं 340 युवती तथा 40 विशिष्ट श्रेणी के प्रत्याशी शामिल हैं जो उच्च शिक्षित होकर इंजीनियर, डॉक्टर, एमबीए, सॉफ्टवेर इंजीनियर, सीए, एमसीए, सीएस एवं स्वयं के कारोबार में स्थापित हैं। इनमें कुछ प्रत्याशियों के पैकेज 50 लाख रुपए तक के हैं। परिचय सम्मेलन की तैयारियों के लिए आयोजन समिति की नियमित बैठकों का सिलसिला जारी है।
महासभा के समन्वयक संतोष गोयल, अध्यक्ष डॉ. सतीश गोयल एवं महामंत्री अजय बंसल ने बताया कि रविवार को यशवंत निवास रोड स्थित महासभा के कार्यालय पर अग्रवाल समाज केन्द्रीय समिति के पूर्व अध्यक्ष गोविन्द सिंघल के आतिथ्य में हुई आयोजन समिति की बैठक में मनीष जैन, रमेश तायल, विनोद अग्रवाल जावरा, राजकुमार गोयल, नवीन गोयल तथा मातृशक्ति की ओर से श्रीमती उर्मिला गोयल, पिंकी रवि अग्रवाल, इंदु अग्रवाल, शर्मिला गोयल आदि ने सम्मेलन की विभिन्न तैयारियों पर अपने सुझाव एवं विचार व्यक्त किए। बैठक में समन्वयक संतोष गोयल ने बताया कि उत्तर भारत के हिंदी भासी राज्यों से नियमित प्रविष्ठियां मिल रही हैं। अब तक जो 830 प्रविष्ठियां प्राप्त हुई हैं, उनमें अधिकांश प्रत्याशी उच्च शिक्षित होकर देश-विदेश में आकर्षक पैकेज पर एमएनसी में कार्यरत अथवा स्वयं के कारोबार में स्थापित हैं। पिछले दो परिचय सम्मेलनों की तरह इस परिचय सम्मेलन के लिए भी 2 हजार से अधिक प्रविष्ठियां प्राप्त होने की उम्मीद है। देशभर से जिस तरह से प्रतिदिन परिचय सम्मेलन को लेकर पालकों और प्रत्याशियों के फ़ोन आ रहे हैं, उसे देखते हुए लगता है कि इस बार भी इस सम्मेलन में सर्वाधिक प्रविष्ठियां प्राप्त होंगी। अब तक प्राप्त हुई प्रविष्ठियों का बहुरंगी परिचय पुस्तिका में सचित्र प्रकाशन भी शुरू हो गया है।
बैठक में यह निर्णय भी लिया गया कि परिचय सम्मेलन में तीनों दिन मूक परिंदों को दाना-पानी रखने के लिए सकोरों का निशुल्क वितरण भी किया जाएगा और निहारिका गेलरी के माध्यम से परिचय सम्मेलन में आई हुई सभी प्रविष्ठियों का विवरण भी सम्मेलन स्थल पर प्रदर्शित किया जाएगा। सम्मेलन के लिए प्रत्याशियों एवं पालकों को आमंत्रित करने तथा उनके द्वारा प्रदत्त परिचय एवं जानकारी को मेगा स्क्रीन के माध्यम से प्रदर्शित करने की व्यवस्था भी की जाएगी। आयोजन समिति की नियमित बैठकें 25 मार्च तक जारी रहेंगी।
