इन्दौर।
बाणगंगा थाना क्षेत्र में एक नाबालिग छात्रा के साथ छेड़छाड़ और उसके परिवार पर जानलेवा हमले का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी ने न केवल किशोरी के साथ अश्लील हरकत की, बल्कि विरोध करने पर उसके मातापिता को चाकू और डंडों से घायल कर दिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत उसके परिवार के चार सदस्यों के खिलाफ पोक्सो एक्ट और मारपीट की विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है।
पुलिस के मुताबिक, ग्राम अलवासा नयापुरा निवासी १३ वर्षीय पीड़िता ने शिकायत दर्ज कराई है कि वह जब कोचिंग जा रही थी, तब आरोपी इमरान पिता अनीस खान ने उसका रास्ता रोका। इमरान ने पीड़िता से कहा कि ‘वह उसे पसंद करता है’ और फिर बुरी नीयत से उसे टच किया। पीड़िता ने जब भागकर अपने माता-पिता को यह बात बताई, तो विवाद और बढ़ गया।पीड़िता के मातापिता जब इस बात का विरोध करने इमरान के घर पहुंचे, तो इमरान और उसके परिवार वाले गाली-गलौज और मारपीट पर उतारू हो गए। आरोपी इमरान ने घर में रखा सब्जी काटने वाला चाकू निकाला और किशोरी पर हमला करने की कोशिश की। बीच-बचाव करने आई पीड़िता की माँ के दाहिने हाथ में चाकू लगने से वे लहूलुहान हो गईं।वारदात के दौरान इमरान के साथ उसके पिता अनीस खान, माँ परवीन और शालू ने भी पीड़िता के पिता के साथ जमकर मारपीट की। पीड़ित परिवार जैसे-तैसे अपनी जान बचाकर वहां से भागा। भागते समय आरोपियों ने धमकी दी कि आज के बाद झगड़ा किया या पुलिस को बताया तो जान से खत्म कर देंगे।
