समाज सेवा और संस्कृति का संगम, जिलासभा द्वारा मई में होगी ‘अपने अपने श्याम’ की प्रस्तुति

इंदौर। माहेश्वरी समाज हाईवे क्षेत्र के नए सत्र 2026-29 का शुभारंभ धार्मिक आस्था और सामाजिक एकजुटता के साथ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विघ्नहर्ता भगवान खजराना गणेश के पूजन-अर्चन और चोला चढ़ाकर की गई, जिसमें समाजजनों ने विधिवत अभिषेक कर नए सत्र के सफल संचालन की कामना की।इस अवसर पर माहेश्वरी समाज जिला अध्यक्ष डॉ. सत्यनारायण मंत्री सहित कार्यकारी मंडल के सदस्य अपने परिवारों के साथ उपस्थित रहे। निवृत्तमान अध्यक्ष सुनील मालू ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए सफल कार्यकाल की कामना की। नए सत्र के लिए राजेश गट्टानी को अध्यक्ष, घनश्याम कासट और अभय सारडा को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, सीए विकास माहेश्वरी को सचिव, अजय बियानी को सह सचिव, सुरेंद्र लाहोटी को कोषाध्यक्ष ,राजेश लखोटिया को संगठनमंत्री और श्याम सारडा को प्रचार मंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
नवनियुक्त अध्यक्ष राजेश गट्टानी ने कहा कि वे सभी पदाधिकारियों और समाजजनों को साथ लेकर हाईवे क्षेत्र को संगठित और मजबूत बनाने के लिए कार्य करेंगे। उन्होंने समाज के सर्वांगीण विकास, सामाजिक गतिविधियों के विस्तार और नई पीढ़ी को जोड़ने पर विशेष जोर दिया।कार्यक्रम में कार्यसमिति के सदस्यों ने उत्साह के साथ एकजुट होकर समाजहित में कार्य करने का संकल्प लिया। महिला मंडल और युवा संगठन के पदाधिकारी भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे, जिससे आयोजन में विशेष ऊर्जा और सहभागिता देखने को मिली। जिला अध्यक्ष डॉ. सत्यनारायण मंत्री , नव नियुक्त अध्यक्ष राजेश गट्टानी ओर प्रचार मंत्री श्याम सारडा ने आगामी गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया गया कि मई माह में जिला समाज द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुति ‘अपने अपने श्याम’ का आयोजन किया जाएगा, जिसमें समाज की प्रतिभाओं को मंच मिलेगा। कार्यक्रम के अंत में आभार प्रदर्शन महामंत्री विकास माहेश्वरी ने किया।
