किसानों को आधुनिक मशीनीकरण और उच्च किस्म के बीजों को अपनाने हेतु किया प्रेरित

इंदौर
इंदौर संभाग में कृषि को आधुनिक और लाभकारी बनाने की दिशा में मिर्च एवं कपास की उन्नत खेती पर विशेष जोर दिया जा रहा है। किसानों को उच्च गुणवत्ता वाले बीज, वैज्ञानिक तकनीकों और आधुनिक कृषि यंत्रों के उपयोग के प्रति जागरूक करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे वे उत्पादन बढ़ाने के साथ-साथ बेहतर बाजार मूल्य प्राप्त कर अपनी आय में वृद्धि कर सकें।
इसी क्रम में कलेक्टर बड़वानी श्रीमती जयति सिंह की अध्यक्षता में कृषि, किसान कल्याण एवं उद्यानिकी विभाग द्वारा मिर्च एवं कपास की उन्नत उत्पादन तकनीक पर आधारित एक दिवसीय कृषक संगोष्ठी एवं कार्यशाला का आयोजन बड़वानी में किया गया। इस कार्यशाला में बड़वानी जिले के 150 से अधिक उन्नत एवं प्रगतिशील कृषकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
विशेषज्ञों द्वारा दिया गया वैज्ञानिक मार्गदर्शन
कार्यशाला में कपास अनुसंधान केंद्र खंडवा के डॉ. डी.के. श्रीवास्तव, कृषि महाविद्यालय खंडवा के उद्यानिकी वैज्ञानिक डॉ. नितिन सोनी तथा सायमा कॉटन विकास एवं अनुसंधान एसोसिएशन, कोयंबटूर के कंसल्टेंट श्री दिनेश गुप्ता ने तकनीकी सत्रों को संबोधित किया। विशेषज्ञों ने मिर्च और कपास के आधुनिक वैज्ञानिक प्रबंधन,विशेषकर उच्च पैदावार हेतु हाइब्रिड बीजों के चयन,कीट प्रबंधन, ग्रेडिंग एवं बेहतर बाजार मूल्य पर विस्तार से प्रकाश डाला। साथ ही मानक अनुरूप लॉन्ग और एक्स्ट्रा लॉन्ग कॉटन फाइबर की उन्नत किस्मों के व्यावसायिक लाभों के बारे में किसानों को प्रशिक्षित किया।
आय बढ़ाने के लिए अपनाएं आधुनिक तकनीक
सत्र को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्रीमती सिंह ने किसानों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाकर अपनी आर्थिक स्थिति सुदृढ़ करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने जिले में लॉन्ग और एक्स्ट्रा लॉन्ग कॉटन फाइबर की खेती को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे व्यापारिक प्रयासों एवं आगामी लक्ष्यों की जानकारी दी।
श्रीमती सिंह ने खेती की लागत कम करने और कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए न्यूमैटिक प्लांटर और क्रॉप हार्वेस्टर जैसे आधुनिक कृषि यंत्रों को अपनाने की सलाह दी। इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य जिले के किसानों को खेती की नवीनतम तकनीकों से अवगत कराना था, ताकि वे न केवल उत्पादन बढ़ा सकें, बल्कि वैश्विक मानकों के अनुरूप फसल तैयार कर आर्थिक रूप से समृद्ध बन सकें। इस दौरान सहायक कलेक्टर श्री माधव अग्रवाल,उप संचालक कृषि विभाग सहित अन्य अधिकारी एवं बड़ी संख्या में कृषकगण उपस्थित रहे।
