दो दिवसीय जयंती महोत्सव का भव्य शुभारम्भ – सुबह निकलेगी भव्य शोभायात्रा, होंगे अनेक आकर्षक
इंदौर

छत्रीबाग स्थित श्री जांगड़ा पोरवाल पंचायती सभा स्थित प्राचीन लक्ष्मी नरसिंह मंदिर पर बुधवार को सुबह भक्ति, परम्परा, संस्कृति और आस्था-श्रद्धा का मनोहारी समन्वय देखने को मिला, जब सुबह 21 विद्वानों के निर्देशन में हजारों बंधुओं ने शंख, घंटे-घड़ियाल की मंगल ध्वनि और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच “हरि नन्दलाल भजो, नरसिंह गोपाल भजो….” और “जय नरसिंह” के उदघोष से समूचे मंदिर परिसर को गुंजायमान बनाए रखा। सुबह 7 बजे से भक्तों के आगमन का क्रम शुरू हो गया था जो 11.30 बजे तक चलता रहा। इस दौरान 2 हजार से अधिक समाज बंधुओं ने भगवान लक्ष्मी नरसिंह का पंचामृत, 7 तरह के फलों और 11 किस्म के फूलों से महाभिषेक किया। भक्ति भाव का यह प्रवाह 4.30 घंटों तक लगातार चलता रहा। गुरुवार को सुबह 8 बजे छत्रीबाग स्थित मंदिर से अंतर्राष्ट्रीय रामस्नेही सम्प्रदाय के आचार्य जगदगुरु स्वामी रामदयाल महाराज के पावन सानिध्य में भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी जिसमें एक दिव्य रथ पर भगवान लक्ष्मी नरसिंह विराजित होकर नगरवासियों को दर्शन देने निकलेंगे ।
श्री जांगड़ा पोरवाल पंचायती सभा उत्सव समिति के अरुण पोरवाल, सभा के अध्यक्ष रामदयाल फरकिया एवं महोत्सव के मुख्य यजमान समाजसेवी जगदीश कन्हैयालाल गुप्ता खेजडियावाला ने बताया कि आचार्य पं. कुबेर एवं आचार्य पं. दिनेश महाराज के निर्देशन में 21 विद्वानों ने सुबह जैसे ही शंख, घंटे-घडियाल की मंगल ध्वनि के बीच वैदिक मंत्रोच्चार प्रारम्भ किया, समाज बंधुओं का उत्साह चरम पर पहुँच गया। भगवान के जयघोष और भजनों की गूँज शरू हो गई। मंदिर में भगवान के महाभिषेक के लिए भक्तों में पूरे समय होड़ मची रही। इस अवसर पर समाज की ओर से श्याम राणापुर, सुभाष धनोतिया, पुष्पेन्द्र धनोतिया, श्रीकृष्ण घरिया, लेखराज कारा, चंद्रशेखर पोरवाल, रामस्वरूप पोरवाल, देवेन्द्र अंगूठी, बलराम गुप्ता एवं मातृशक्ति की ओर से हेमलता घाटिया, मंजू धनोतिया, प्रियंका गुप्ता एवं सुधा मेहता सहित 2 हजार से अधिक समाज बंधुओं ने पंचामृत, 7 तरह के फलों तथा पूजन सामग्री से भगवान का महाभिषेक कर उनसे समाज, शहर एवं राष्ट्र में सुख, शांति और सद्भाव के लिए प्रार्थना की। इस दौरान समूचा परिसर भजनों और जयघोष से गूंजता रहा। सूखे मेवों के प्रसाद वितरण के साथ महाभिषेक का समापन हुआ।
आज सुबह निकलेगी भव्य शोभायात्रा – उत्सव समिति के अरुण पोरवाल ने बताया कि गुरुवार 30 अप्रैल को सुबह 8 बजे छत्रीबाग स्थित मंदिर से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी जिसमें एक रथ पर भगवान लक्ष्मी नरसिंह अपने भक्तों को दर्शन देने एवं दूसरे स्वर्ण अंतर्राष्ट्रीय रामस्नेही सम्प्रदाय के आचार्य जगदगुरु स्वामी रामदयाल महाराज समाज बंधुओं एवं शहरवासियों को आशीर्वाद देते हुए शामिल होंगे। भगवान लक्ष्मी नरसिंह के रथ को समाज के युवा और महिलाऐं अपने हाथों से रस्सी की मदद से खींचते हुए चलेंगे। मार्ग में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए 50 कार्यकर्ता तैनात रहेंगे। इस दौरान 30 से अधिक स्वागत मंच भी विभिन्न सामाजिक धार्मिक संगठनों की ओर से बनाए गए हैं जहाँ भगवान के रथ की पूजा एवं जगदगुरु के रथ की अगवानी की जाएगी। शोभायात्रा छत्रीबाग मंदिर से राजस्व ग्राम, सेवालय हॉस्पिटल, नरसिंह बाजार, सांठा बाजार, बजाज खाना चौक, मारोठिया बाजार से पुनः नरसिंह मंदिर छत्रीबाग पहुंचेगी, जहाँ महाभिषेक, महाआरती सहित विभिन्न अनुष्ठान होंगे। शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालुओं का स्वागत भी होगा। शोभायात्रा में शामिल पुरुष श्वेत एवं महिलाऐं केसरिया परिधान में शामिल होंगे। देवी देवताओं केस्वरुप, फूलों से श्रृंगारित रथ, संत मंडली, मातृशक्ति, भजन एवं गरबा मंडलियों सहित अनेक आकर्षण होंगे। शहर के अनेक जनप्रतिनिधि भी अतिथि के रूप में शामिल रहेंगे।
