इंदौर
चंदन नगर थाना क्षेत्र के रामानंद नगर में एक पति की क्रूरता का शर्मनाक मामला सामने आया है। बीती रात पति ने मामूली घरेलू विवाद और चरित्र शंका के चलते अपनी पत्नी पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। महिला के सीने पर चाकू से वार करने के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया। पुलिस के मुताबिक, घटना कल रात करीब 9 बजे रामानंद नगर में हुई। 26 वर्षीय पीडि़ता ने थाना पहुंचकर आपबीती सुनाई। पीडि़ता ने बताया कि उसका आरोपी पति आए दिन घरेलू बातों को लेकर उससे विवाद करता है और मारपीट करता है। उसे पीडि़ता पर बेवजह शंका रहती है और वह अक्सर पूछता है कि वह दूसरे लोगों से बात क्यों करती है। कल रात भी इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। बात इतनी बढ़ गई कि पति ने पहले पीडि़ता के साथ मारपीट की और फिर धारदार चाकू निकालकर उसके सीने में घोंप दिया। हमले के बाद आरोपी बिना किसी पछतावे के मौके से भाग निकला।
