इन्दौर
चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड में आरोपित सोनम रघुवंशी को जमानत मिल गई है। कल जब यह खबर सोशल मीडिया के माध्यम से वायरल हुई तो चर्चा का विषय बन गई। इधर राजा के परिवारजनों ने अब सोनम और उसके भाई गोविन्द से खतरे की आशंका जताई है। सोनम की जमानत के बाद राजा के परिजनों का दर्द छलक रहा है। हनीमून पर पति की हत्या के मामले में बीते 10 माह से सोनम रघुवंशी शिलांग जेल में बंद थी। सोनम को कल जब जमानत मिली तो राजा के परिजनों का दर्द सामने आया। राजा की मां उमा रघुवंशी ने कहा कि सोनम अगर इन्दौर आई तो उसकी चोटी पकडकर उससे पूछूंगी कि उसने राजा को क्यों मारा। उन्होने इस मामले में जिम्मेदारों के रवैये पर भी सवाल उठाए है। राजा के भाई विपिन रघुवंशी ने भी गम्भीर आरोप लगाए है। विपिन ने कहा कि सोनम के भाई गोविन्द भले ही मीडिया के सामने बोल रहे है कि उन्होने सोनम की जमानत के लिए कोई मदद नहीं की लेकिन विपिन ने कहा कि गोविन्द का सोनम को समर्थन है। उन्होंने इस मामले में उच्च स्तरीय जांच के लिए भी गुहार लगाने की बात कही है। विपिन ने सोनम और उसके भाई गोविन्द से खुद को खतरा बताते हुए कहा कि वे उन पर हमला भी करवा सकते है।
