युवक को लहूलुहान किया
इन्दौर।देपालपुर थाना क्षेत्र के ग्राम गोकलपुर में एक युवक को दूसरे के यहाँ काम करना इतना महंगा पड़ा कि प्रतिद्वंदी ने उसे रास्ते में रोककर डंडों से बुरी तरह पीट दिया। घायल युवक ने थाने पहुँचकर गुहार लगाई है। फरियादी आशिष पिता बाबूलाल सेन निवासी गोकलपुर ने पुलिस को बताया कि करीब 5-6 दिन पहले उसने गाँव के ही मुन्नालाल जाट के यहाँ आयोजित एक शादी समारोह में काम किया था। आशीष ने वहां दूल्हे को नहलाने और बर्तन साफ करने की जिम्मेदारी निभाई थी। बस यही बात गाँव के ही विनोद पिता वासुदेव को नागवार गुजरी।आशीष का आरोप है कि आरोपी विनोद ने उसे रास्ते में रोका और विवाद करने लगा। विनोद का कहना था कि वह कई सालों से मुन्नालाल जाट के यहाँ शादियों में काम करता आ रहा है, इसलिए वहां काम करने का हक सिर्फ उसी का है। आशीष ने वहां काम क्यों किया, इसी बात को लेकर विनोद ने उसे गंदी-गंदी गालियां देना शुरू कर दिया।विवाद बढ़ने पर आरोपी विनोद ने आपा खो दिया और पास रखे डंडे से आशीष पर हमला कर दिया। आरोपी ने आशीष को तब तक पीटा जब तक वह निढाल नहीं हो गया। हमले में आशीष के बाएं हाथ, पीठ, बाएं पैर और पुट्ठे पर गंभीर चोटें आई हैं। मारपीट के बाद आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देकर मौके से भाग निकला।
