मोनी बाबा आश्रम में धूमधाम से मनाया श्रीकृष्ण जन्मोत्सव, भक्ति गीतों और झांकियों ने बांधा समां

इंदौर। पवित्र पुरुषोत्तम मास के अवसर पर संस्था संगम द्वारा मोनी बाबा आश्रम में आयोजित संगीतमय सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा के अंतर्गत श्रीकृष्ण जन्मोत्सव अत्यंत श्रद्धा, उल्लास और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। कथा स्थल पर जैसे ही भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का प्रसंग आया, पूरा वातावरण “नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की” के जयघोष से गूंज उठा। श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर होकर झूम उठे।संस्था संगम के संरक्षक विधायक रमेश मेंदोला, पार्षद श्रीमती संध्या राधाकिशन जायसवाल एवं मासूम जायसवाल ने बताया कि जन्मोत्सव को विशेष रूप से आकर्षक बनाने के लिए मोनी बाबा आश्रम को रंग-बिरंगी फूल सज्जा, रोशनी और मनमोहक झांकियों से सजाया गया। बाल गोपाल के जन्म की जीवंत प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। कथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण का पंचामृत अभिषेक कर महाआरती की गई तथा श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया।
परम पूज्य महंत मां भक्ति प्रिया जी ने श्रीकृष्ण जन्म प्रसंग का वर्णन करते हुए कहा कि जब-जब पृथ्वी पर अधर्म और अत्याचार बढ़ता है, तब भगवान स्वयं धर्म की स्थापना के लिए अवतार लेते हैं। उन्होंने बताया कि भगवान श्रीकृष्ण का जन्म केवल एक ऐतिहासिक घटना नहीं, बल्कि मानवता को प्रेम, धर्म, करुणा और कर्तव्य का संदेश देने वाला दिव्य उत्सव है। उनके प्रवचनों के दौरान श्रद्धालु लगातार भजन-कीर्तन में मग्न नजर आए।भीषण गर्मी को देखते हुए कथा स्थल पर श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं भी की गईं। गुलाब जल का छिडक़ाव, शीतल फव्वारे और ठंडे पेयजल की व्यवस्था लोगों के आकर्षण का केंद्र रही। कथा स्थल पर महिलाओं, युवाओं और बच्चों की बड़ी संख्या मौजूद रही।जन्मोत्सव के अवसर पर देर शाम तक भक्ति गीतों, संकीर्तन और नृत्य की प्रस्तुति होती रही। कई श्रद्धालु बाल गोपाल की वेशभूषा में पहुंचे बच्चों के साथ फोटो खिंचवाते नजर आए। पूरा मोनी बाबा आश्रम इन दिनों भक्तिमय वातावरण में डूबा हुआ है और प्रतिदिन शाम 4:30 बजे शुरू होने वाली कथा में शहरभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।आयोजकों ने बताया कि आगामी दिनों में भागवत कथा के अन्य महत्वपूर्ण प्रसंगों का भी भक्तों को रसपान कराया जाएगा।व्यास पीठ का पूजन महामंडलेश्वर दादू महाराज, महंत बद्रीशरण दास महाराज, स्वामी कृष्ण प्रेम , राजकुमार शर्मा (रामजी महाराज), रंजीत मौर्य , नागेश्वर शास्त्री , पूर्व विधायक संजय शुक्ला , सुधीर कोल्हे , प्रेम विजयवर्गीय , मंडल अध्यक्ष आदित्य पांडे , मुन्ना साहू , राजू ठाकुर , राधा राठौर , वृंदा गौड़ , निशा यादव , सुषमा पटेल , धनसिंह पहलवान, हरीश विजयवर्गीय , कोमल यादव ने किया ।
