इंदौर खुड़ैल थाना क्षेत्र में एक बदमाश ने अपने ही गांव में रहने वाले पड़ोसी के बेडरूम की खिड़की से झांककर उसकी पत्नी का अश्लील वीडियो बना लिया। इतना ही नहीं, आरोपी ने उस वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल भी कर दिया और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने पीड़िता के पति की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया है।खुड़ैल थाना पुलिस के अनुसार,पीड़ित परिवार की शिकायत पर पुलिस ने गांव के ही रहने वाले आरोपी अभिजीत पिता दिलीप पटेल निवासी ग्राम अंबा मोलिया के खिलाफ केस दर्ज किया है। फरियादी ने पुलिस को बताया कि आरोपी अभिजीत ने दुर्भावनापूर्ण तरीके से उनके घर की रेकी की और रात के समय बेडरूम की खिड़की से चोरी-छिपे झांककर उसकी पत्नी का एक अश्लील वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। वीडियो बनाने के बाद आरोपी की हिम्मत और बढ़ गई। उसने पीड़िता और उसके परिवार को बदनाम करने की नीयत से उस अश्लील वीडियो को व्हाट्सएप पर अन्य लोगों को भेजकर वायरल कर दिया। जब इस घिनौनी हरकत का पता फरियादी और उसकी पत्नी को चला और उन्होंने इसका कड़ा विरोध किया, तो आरोपी अभिजीत अपनी गलती मानने के बजाय विवाद पर आमादा हो गया। उसने पीड़ित परिवार को मुंह बंद रखने और पुलिस में न जाने की बात कहते हुए जान से मारने की धमकी भी दी।
