अ.भा. जैन श्वेताम्बर सोशल ग्रुप फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष कमलेश कोठारी सहित नए पदाधिकारियों की शपथ
इंदौर

जैन समाज के लिए सेवा का सूत्र सर्वोपरि रहा है। अ.भा. जैन श्वेताम्बर सोशल ग्रुप फेडरेशन के देश में 140 समूह हैं जिनमें 2400 से अधिक दम्पत्ति अपनी सेवाएँ दे रहे हैं। अब समाज के अंतिम व्यक्ति तक शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण और संस्कार आधारित स्थायी प्रकल्पों को पहुँचाने की जरूरत है। यदि इस तरह के कोई भी प्रकल्प सामने आते हैं तो समाज के समृद्ध लोग हरसम्भव सहयोग कर जैन समाज के आदर्शों और सिद्धांतों को ऊँचा उठाने के लिए हर समय तत्पर रहेंगे।
ये विचार हैं समाजसेवी एवं उद्योगपति जयसिंह जैन के, जो उन्होंने रविवार को लता मंगेशकर ऑडिटोरियम पर आयोजित फेडरेशन के नवनियुक्त अध्यक्ष कमलेश-प्रीति कोठारी के शपथ विधि समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में व्यक्त किए। कार्यक्रम का शुभारंभ नवकार महामंत्र, स्वागत गान एवं महावीर स्वामी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। समारोह में उद्योगपति महेश गुप्ता, समाजसेवी कैलाश नाहर, अध्यक्ष (इलेक्ट) नरेन्द्र भंडारी, निवृतमान राष्ट्रीय अध्यक्ष जिनेश्वर-शोभा जैन, मप्र गृह निर्माण मंडल के नवनियुक्त अध्यक्ष ओम जैन की धर्मपत्नी श्रीमती चंदा जैन, कार्याध्यक्ष गौतम मूणत, चेयरमैन अखिल चौधरी, पूर्व कुलपति डॉ. नरेन्द्र धाकड़, दिलीप सी जैन, दिलीप सिसोदिया, राजेंद्र सुराणा, प्रकाश भटेवरा, पीयूष जैन, राजेंद्र जैन, नरेन्द्र संचेती, वीरेन्द्र जैन, संजय नाहर, दीपक जैन टीनू सहित समाज के सभी प्रमुख संगठनों के पदाधिकारी भी अतिथि के रूप में उपस्थित थे। विभिन्न पदाधिकारियों ने नए अध्यक्ष कमलेश कोठारी एवं आगामी अध्यक्ष नरेन्द्र भंडारी को उनके वर्ष 2028 तक के कार्यकाल के लिए शपथ दिलाते हुए बधाई एवं शुभकामनाएँ प्रदान की और विश्वास व्यक्त किया कि पिछले 31 वर्षों की यात्रा के दौरान फेडरेशन ने जो उपलब्धियां हासिल की हैं, उनसे आगे बढ़कर समाज के हित में कुछ नए और ठोस प्रकल्प भी प्रारम्भ किए जाएँगे।
नवनियुक्त अध्यक्ष कमलेश कोठारी ने इस अवसर पर समाज में एकता, समन्वय और सबको साथ लेकर चलने का संकल्प व्यक्त करते हुए कहा कि अध्यक्ष का पद दूर से भले ही रत्न जडित ताज नजर आता हो लेकिन हकीकत तो यह है कि यह एक सेवा, परिश्रम और उत्तरदायित्व से जुड़ा ऐसा पद है जिसके माध्यम से हमें समाज के अंतिम व्यक्ति तक शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण, मानव सेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ना होगा। समाज के युवाओं और मातृशक्ति के लिए भी कुछ नए कार्यक्रम प्रारम्भ करने की योजना है। समारोह को समाजसेवी कैलाश नाहर, प्रकाश भटेवरा, संजय नाहर, मुस्कान कोठारी सहित सभी प्रमुख पदाधिकारियों ने भी संबोधित किया और फेडरेशन के माध्यम से समाज को मजबूत बनाने के लिए अपने सुझाव प्रस्तुत किए।
इस अवसर पर कोठारी के साथ गौतम मूणत कार्याध्यक्ष, अखिल चौधरी चेयरमैन, रितेश कटकानी, सुनील मारवाड़ी, निर्मल पगारिया एवं नीरज जैन वरिष्ठ उपाध्यक्ष, कमलेश सामोता, विनोद कुकड़ा तथा संजय जैन उपाध्यक्ष, सुनील तांतेड, पंकज बाफना एवं अशोक मोदी महासचिव, सीए विनोद जैन कोषाध्यक्ष, सुनील मुरडिया, संध्या छाजेड एवं पंकज जैन पोरवाल सचिव तथा संजय जैन प्रचार सचिव ने भी समाजसेवा की शपथ ग्रहण की। कार्यक्रम में ग्रुप से जुड़े शहर के ही नहीं, मालवा, निमाड़, राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र एवं प्रदेश के अन्य जिलों के शहरों में कार्यरत ग्रुप्स के प्रतिनिधि भी सपरिवार उपस्थित रहे।
