
पुण्य श्लोका देवी अहिल्या के 301वें जन्मोत्सव पर आयोजित समारोह में
इंदौर । गरिमामय समारोह में पर्यावरणविद् पद्मश्री डॉ. जनक पलटा ने चार मातृ शक्तियों को देवी अहिल्याबाई गौरव सम्मान -2026 से सम्मानित किया। श्रीमती जनक पलटा ने आदिवासी क्षेत्र में कार्य कर रही सेविका, नर्मदा परिक्रमावासी एवं पर्वतारोही सुश्री भारती दीदी ठाकुर,राज्य शासन के जनजातीय कार्य विभाग में सेवारत अनुसंधान अधिकारी डॉ. माधुरी यादव, समाजसेविका एवं शिक्षिका सुश्री भारती कुशवाह और सामाजिक कार्यकर्ता श्रीमती क्रांति जोशी को होलकरी पगड़ी पहनाकर एवं शाल, श्रीफल और सम्मान पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। साथ में प्रत्येक को एक लाख 11 हजार रुपये की सम्मान निधि भी प्रदान की। आयोजन जाल सभागृह में हुआ। इस मौके पर मंच पर देवी श्री अहिल्याबाई जन्मोत्सव समिति की मुख्य संरक्षक एवं विधायक सुश्री उषा ठाकुर, अध्यक्ष मानवेन्द्र त्रिवेदी एवं सचिव सुनील मतकर विशेष रूप से उपस्थित थे। अपने संबोधन में जनक पलटा ने चारों मातृ शक्तियों को बधाई देते कहा कि हम जो भी कार्य करे उसे इश्वरीय कार्य मानकर करे।हम प्रकृति का दोहन करे, शोषण नहीं करे। नदियों का सम्मान करे, उसे गंदा नही करे। इंसानियत सबसे बड़ा धर्म है। उन्होने कहा कि जीवन का मकसद कचरा करना नही, धरती का तापमान बढ़ाना नहीं। हमारा मकसद समाज में प्रेम बढ़ाना और सफाई के प्रति जागरुकता बढ़ाना। कार्यक्रम का प्रारंभ राष्टीय कवि डॉ, राजीव शर्मा एवं कवि राकेश दांगी के काव्य गान से हुआ। डॉ.राजीव शर्मा ने कहा- जो लोग इश्क अपने लक्ष्य से सुबहो – शाम करते है, चाँद और तारे भी झुककर उसे प्रणाम करते है। सूर्य अर्ध्य चढाता है उस इंसान को, जो अपना जीवन वतन के नाम करते है। कवि राकेश दांगी ने कहा – मेरी कविता गीत छंद में वंदन हो जाए लिखे एकता का एक इतिहास मिलकर भारत भू का बच्चा – बच्चा रघुनंदन हो जाय। अतिथियों ने भारत माता और देवी अहिल्या बाई के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्जवलित कर किया। संस्था के बारे में जानकारी देते हुए अध्यक्ष मानवेंद्र त्रिवेदी ने कहा कि वर्ष 1960 में गणेश मतकर ने संस्था की स्थापना की। संस्था द्वारा प्रतिवर्ष सम्मान समारोह किया जाता है। विधायक सुश्री उषा ठाकुर ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि चारो मातृ शक्तियां आज सेवा भाव से कार्य कर दुसरो को प्रेरणा दे रही है। उन्होने आगे कहा कि लड़किया सशक्त हो, साहसी बने और वे लाठी और शस्त्र चलाना सीखे। शिक्षा के साथ संस्कार पर भी ध्यान दे। कार्यक्रम में सम्मानित हुई मातृ शक्तियों ने अपने विचार व्यक्त किये। अतिथि स्वागत विधायक सुश्री उषा ठाकुर, डॉ. योगेंद्रनाथ शुक्ल, अनिता मतकर और हरीश भागवत ने किया। सम्मान पत्र का वाचन श्रीमती ज्योति तोमर, प्रदीप गावड़े और पंकज उपाध्याय ने किया। अतिथियों को प्रतीक चिन्ह जयंत भिसे प्रदान किये। कार्यक्रम का संचालन सुनयना शर्मा ने किया। आभार माना सचिव सुनील मतकर ने। कार्यक्रम में श्रीमती रेणुका पिंगले, शारदा लाहोरे ,अर्पणा मतकर, प्रफुल्ल कस्तुरे सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
