इंदौर। भंवरकुआं पुलिस ने पालदा इलाके में घेराबंदी कर एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने उत्तर प्रदेश के मेरठ की एक शातिर अंतरराज्यीय गैंग के ५ बदमाशों को उस समय रंगेहाथ दबोचा, जब वे इंदौर के किसी बड़े व्यापारी या उसके कलेक्शन एजेंट को लूटने की खतरनाक योजना बना रहे थे। पुलिस ने पकड़े गए इन शातिर आरोपियों के कब्जे से विभिन्न कंपनियों के ३३ महंगे मोबाइल, एक लैपटॉप, वारदात में इस्तेमाल की जा रही कार और डकैती में प्रयुक्त होने वाले घातक हथियार व मिर्च पाउडर जब्त किया है। जब्त किए गए कुल माल की कीमत करीब ५० लाख रुपये आंकी गई है। भंवरकुआं थाना पुलिस को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली थी कि हिम्मत नगर पालदा के एक खाली मैदान में कुछ संदिग्ध हथियारबंद लोग बैठे हैं और किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस की एक विशेष टीम ने योजनाबद्ध तरीके से हिम्मत नगर मैदान को चारों तरफ से घेरा और दबिश देकर मौके से पांचों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पुलिस गिरफ्त में आए यह सभी आरोपी उत्तर प्रदेश के मेरठ के रहने वाले हैं, जिनकी पहचान कुलदीप पिता छत्रपाल, नाजिम कुरैशी पिता अशफाक कुरैशी, महफूज पिता फजल उर्फ फजलू, शोएब कुरैशी पिता अशफाक कुरैशी और मोहम्मद शकील पिता सलीम कुरैशी सभी निवासी मेरठ, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। थाने लाकर जब पुलिस ने इन आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ की, तो उन्होंने कबूल किया कि वे सब मिलकर इंदौर के किसी बड़े व्यापारी या उसके एजेन्ट को निशाना बनाने और उसे लूटने की योजना बना रहे थे। पुलिस ने जब आरोपियों की तलाशी ली तो उनके पास से विभिन्न नामी कंपनियों के कुल ३३ मोबाइल फोन, १ लैपटॉप और चार्जर बरामद हुआ। इसके साथ ही वारदात के लिए इस्तेमाल की जा रही एक सफेद रंग की मारुति सुजुकी वैगनआर कार क्रमांक डीएल-३सी बीसी ८७०९ और डकैती डालने के लिए रखी गई एक लोहे की टामी, एक पेचकश, लकड़ी की मोगरी तथा आंखों में झोंकने के लिए मिर्च पाउडर भी जब्त किया गया है।
