इंदौर। बाणगंगा थाना क्षेत्र में देर रात एक घर के आंगन में घुसकर मां-बेटी को चाकू दिखाकर धमकाने और जान से मारने की कोशिश का मामला सामने आया है। एक युवक देर रात पीडि़त महिला के घर के आंगन में आकर बच्चे को खिलाने लगा। काफी देर होने पर जब महिला ने रात का हवाला देकर बच्चा वापस मांगा, तो आरोपी भडक़ गया। उसने महिला को धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया और चाकू खोलकर मां-बेटी पर हमला करने दौड़ा। इसी बीच गश्त कर रही पुलिस की गाड़ी सायरन बजाते हुए वहां पहुंच गई, जिसे देखकर आरोपी बच्चा छोडक़र जान से मारने की धमकी देता हुआ मौके से भाग निकला। पुलिस के अनुसार, फरियादी ममता निवासी: बाणगंगा ने थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई है। ममता ने पुलिस को बताया कि बीती रात करीब 1 बजे आरोपी हिमांशु राणा निवासी।गोविंद कॉलोनी उनके घर के आंगन में आया और वहां मौजूद बच्चे को अपने हाथ में लेकर खिलाने लगा। देर रात का समय होने और काफी वक्त बीत जाने के बाद जब हिमांशु ने बच्चा वापस नहीं किया, तो ममता ने उससे कहा कि अब रात के एक बज चुके हैं, बहुत देर हो गई है। तुम बच्चा हमें दे दो और अपने घर चले जाओ। इतनी सी बात सुनते ही हिमांशु गुस्से से लाल हो गया और बोला किमैं बच्चा नहीं दूंगा, तुम्हें जो बने वह कर लो।’ इसके बाद वह ममता को गालियां बकने लगा। जब पीडि़त ममता ने आधी रात को घर के आंगन में गाली-गलौज करने से मना किया, तो आरोपी हिमांशु हिंसक हो उठा। उसने ममता को जोरदार धक्का दिया, जिससे वह जमीन पर गिर गईं। जमीन पर गिरी महिला को धमकाते हुए आरोपी ने कहा किमैं बच्चा नहीं दूंगा, तुम बच्चा कोर्ट से लेना। इसके बाद उसने अपनी जेब से धारदार चाकू निकाला और उसे खोलकर ममता और उनकी बेटी को मारने के लिए उनकी तरफ दौड़ा। मां-बेटी अपनी जान बचाने के लिए चिल्लाईं, तभी गनीमत यह रही कि बाणगंगा थाने की पुलिस की गाड़ी उसी गली से गुजरी। पुलिस की गाड़ी और उसकी लाइट देखकर आरोपी हिमांशु घबरा गया। उसने तुरंत बच्चा ममता को सौंप दिया और वहां से भागने लगा। भागते-भागते भी आरोपी ने चिल्लाकर धमकी दी किआज तो तुम मांबेटी पुलिस की वजह से बच गईं, लेकिन आज के बाद अगर तुमने मुझे बच्चा नहीं दिया, तो तुम दोनों को जान से खत्म कर दूंगा।
