इंदौर। शहर में नशे के कारोबार पर लगाम कसने के लिए इंदौर क्राइम ब्रांच ने सुपर कॉरिडोर पर एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने मेट्रो स्टेशन क्रमांक-02 के पास सर्विस रोड पर घेराबंदी कर एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन शातिर ड्रग पेडलर्स को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 36 ग्राम अवैध मादक पदार्थ ‘ब्राउन शुगर’ और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही पल्सर बाइक जब्त की गई है। जब्त मादक पदार्थ और गाड़ी की कुल अनुमानित कीमत करीब 4 लाख 10 हजार रुपये बताई जा रही है। आरोपी यह ब्राउन शुगर शहर के युवाओं और चिन्हित ग्राहकों को ऊंचे दामों पर बेचने की फिराक में घूम रहे थे। क्राइम ब्रांच की विशेष टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सुपर कॉरिडोर मार्ग से नशे की एक खेप गुजरने वाली है। पुलिस ने तत्काल मुस्तैदी दिखाते हुए मेट्रो स्टेशन के पास चेकिंग पॉइंट लगाया और एक काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी-09 बीजी 7672 को रोककर उस पर सवार तीन युवकों को हिरासत में लिया। संदेह के आधार पर जब वाहन की सघन तलाशी ली गई, तो मोटरसाइकिल की सीट के नीचे चालाकी से छिपाई गई एक पारदर्शी पन्नी मिली, जिसमें 36 ग्राम कीमती ब्राउन शुगर भरी हुई थी। वैध दस्तावेज और लाइसेंस नहीं होने पर पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मादक पदार्थ और करीब 50 हजार रुपये कीमत की बाइक को तुरंत जब्त कर लिया। पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों की पहचान मनिया केवट उर्फ मणी उर्फ रियांशु निवासी न्यू रामनगर, बाणगंग, आकाश कौशल और ऋषि यादव दोनों निवासी शुभम नगर, स्कीम नंबर 51, इंदौर के रूप में हुई है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, पकड़े गए तीनों आरोपी मूल रूप से मजदूरी का काम करते हैं, जो कम समय में ज्यादा पैसा कमाने के लालच में इस अवैध धंधे में उतर गए। क्राइम ब्रांच ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर थाना अपराध शाखा में गंभीर आपराधिक प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस अब इन आरोपियों को रिमांड पर लेकर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वे यह ब्राउन शुगर किस बड़े सप्लायर से खरीदकर लाए थे और शहर में किनकिन लोगों को सप्लाई करने वाले थे।
