इंदौर अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के जरिए ऑनलाइन ठगी का एक नया मामला सामने आया है। एक शातिर जालसाज ने इंस्टाग्राम पर बेहद कम दाम में गाड़ी बेचने का फर्जी विज्ञापन डाला और फिर एक युवती को अपने झांसे में लेकर एडवांस व अन्य चार्जेस के नाम पर हजारों रुपये ऐंठ लिए। पुलिस के अनुसार फरियादी पूजा पिता बेसराम झमेले (22) मूल निवासी ग्राम चिकली, जिला धार, हाल निवासी राजाबाग कॉलोनी, इंदौर ने थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई है। पूजा ने पुलिस को बताया कि उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक गाड़ी का विज्ञापन देखा था, जिसमें गाड़ी की कीमत मात्र 25 000 रुपये बताई गई थी। कम कीमत देखकर उन्होंने विज्ञापन में दिए गए मोबाइल नंबर 9179853136पर व्हाट्सएप के जरिए संपर्क किया। इसके बाद सामने वाले व्यक्ति ने उन्हें गाड़ी की कुछ तस्वीरें भेजीं और सौदा पक्का करने के लिए शुरुआत में 2000 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करने को कहा। पीडि़ता ने जैसे ही एडवांस के तौर पर 2000 रुपये ट्रांसफर किए, वैसे ही ठग ने नया पैंतरा चला और डिलीवरी व अन्य कागजी कार्रवाई का हवाला देकर 11500 रुपये और मांग लिए। झांसे में आकर पूजा ने वह रकम भी ऑनलाइन भेज दी। इसके बाद भी उक्त अज्ञात आरोपी का पेट नहीं भरा और उसने बार-बार अलग-अलग चार्जेस और टैक्स के नाम पर डरा-धमकाकर और लालच देकर पीडि़ता से हजारों रुपये ट्रांसफर करवा लिए। जब गाड़ी की डिलीवरी नहीं हुई और आरोपी और पैसों की मांग करने लगा, तब युवती को ठगी का अहसास हुआ। अन्नपूर्णा थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उक्त मोबाइल नंबर और बैंक खातों की जांच साइबर सेल को सौंप दी है।
